बलिया

‘सिर्फ 2 मिनट लगेंगे एक बार मुझ से मिल तो लो’, इंस्पेक्टर ने दागदार की खाकी; रेप पीड़िता से अश्लील बातों का ऑडियो वायरल

Inspector Obscene Audio Viral: एक बार फिर खाकी शर्मसार हुई है। एक इंस्पेक्टर ने दुष्कर्म पीड़िता से अश्लील बातें की। जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जानिए पूरा मामला क्या है?

2 min read
Apr 15, 2026
इंस्पेक्टर की रेप पीड़िता से अश्लील बातों का ऑडियो वायरल, फोटो सोर्स-Ai

Inspector Obscene Audio Viral: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बार फिर पुलिस विभाग की छवि को धक्का पहुंचाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक ओर सरकार और प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के बड़े-बड़े दावे करते हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ जिम्मेदार अधिकारी ही पीड़िताओं का मानसिक और भावनात्मक शोषण करते नजर आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें

आज भी अतीक के नाम से दी जाती है धमकी! धुरंधर-2 से चर्चा में आया माफिया का पाकिस्तान से कनेक्शन, शाइस्ता कहां हैं?

उभांव थाने का मामला, इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप

ताजा मामला उभांव थाने से जुड़ा है, जहां तैनात ‘इंस्पेक्टर क्राइम’ नरेश मलिक पर दुष्कर्म पीड़िता का फायदा उठाने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक (SP) ओमवीर सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पहले से दर्ज था दुष्कर्म का मुकदमा

जानकारी के मुताबिक, रसड़ा कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने एक वन दरोगा के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दरोगा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी केस की विवेचना और चार्जशीट प्रक्रिया के दौरान इंस्पेक्टर नरेश मलिक का पीड़िता से संपर्क बढ़ा।

फोन पर अश्लील बातें और मिलने का दबाव

पीड़िता का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने अपनी मर्यादा को लांघते हुए उससे फोन पर अश्लील बातचीत शुरू कर दी। इतना ही नहीं, वह केस में जल्दी चार्जशीट लगाने के नाम पर मिलने का दबाव बनाने लगा। वायरल ऑडियो और शिकायत के अनुसार, इंस्पेक्टर ने पीड़िता से कहा, ''मुझ से मिल तो लो, दो मिनट में चार्जशीट लग जाएगी।''

पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए रिकॉर्ड किया ऑडियो

इस तरह की हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने हार मानने के बजाय हिम्मत दिखाई। उसने इंस्पेक्टर की अश्लील बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर लिया और इसे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया। पीड़िता ने DIG आजमगढ़ को ऑडियो भेजकर अपनी सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई।

शुरुआती कार्रवाई: ट्रांसफर और जांच

मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। एक अप्रैल को ही इंस्पेक्टर नरेश मलिक को उभांव थाने से हटाकर साइबर सेल में ट्रांसफर कर दिया गया, ताकि वह जांच को प्रभावित न कर सके। मामले की विभागीय जांच CO रसड़ा आलोक गुप्ता को सौंपी गई।

जांच में आरोपों की पुष्टि

CO द्वारा की गई विस्तृत जांच में पीड़िता के आरोपों और वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि हुई। रिपोर्ट सामने आने के बाद एसपी ने सख्त कदम उठाते हुए इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया।

पुलिस विभाग का बयान

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने कहा कि पुलिस विभाग में इस तरह के आचरण के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के बाद नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इंस्पेक्टर के निलंबन के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। इस घटना को अन्य पुलिसकर्मियों के लिए एक सख्त संदेश और सबक के तौर पर देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें

सौरभ हत्याकांड: पति को मारकर नीले ड्रम में भरने वाली मुस्कान और साहिल के मामले में बड़ा अपडेट; कोर्ट आज पूछेगी सवाल
Also Read
View All