
बरेली। शहर में लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की किल्लत के बीच बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। अब जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की लाइन बिछ चुकी है और आपूर्ति भी हो रही है, वहां रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया गया है। साफ कर दिया गया है कि नोटिस जारी होने के तीन महीने बाद ऐसे घरों की एलपीजी सप्लाई पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। शहर के करीब सवा लाख ऐसे उपभोक्ताओं को चिन्हित किया गया है, जहां पीएनजी लाइन मौजूद है, लेकिन अभी तक कनेक्शन नहीं लिया गया। प्रशासन ने इन सभी के लिए सार्वजनिक नोटिस जारी कर दिया है और समयसीमा के भीतर पीएनजी अपनाने के निर्देश दिए हैं। नोटिस जारी होते ही सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) ने भी कमर कस ली है। अधिकारियों के मुताबिक, आवेदन मिलते ही मोबाइल टीम के जरिए घर-घर जाकर पीएनजी कनेक्शन दिए जाएंगे। उद्देश्य यही है कि तय समयसीमा के भीतर अधिकतम घरों को गैस नेटवर्क से जोड़ा जा सके और एलपीजी पर निर्भरता खत्म की जा सके।
सीयूजीएल अधिकारियों के अनुसार, नगर निगम क्षेत्र के 80 प्रतिशत से ज्यादा हिस्से में पीएनजी पाइपलाइन बिछ चुकी है। हालांकि, पुराने शहर और अत्यधिक घनी आबादी वाले कुछ क्षेत्रों में अभी काम बाकी है। शहर में लगभग ढाई लाख घर हैं, लेकिन अब तक सिर्फ 50 हजार घरों में ही पीएनजी कनेक्शन हो पाया है। अब करीब एक लाख नए कनेक्शन देने की तैयारी चल रही है। अब यह नियम सिर्फ शहर तक सीमित नहीं रहेगा। नकटिया, भरतौल, बदायूं रोड और कैंट क्षेत्र भी इसकी जद में आ गए हैं। कई जगहों पर पाइपलाइन बिछ चुकी है, लेकिन कनेक्शन अभी बाकी हैं। नगर निगम से अनुमति मिलने के बाद पटेल विहार, चौकी चौराहा, चौपुला, सुभाषनगर, आंचल कॉलोनी और अन्य इलाकों में तेजी से काम चल रहा है।
एलपीजी की किल्लत ने लोगों का रुख तेजी से पीएनजी की ओर मोड़ दिया है। पिछले डेढ़ महीने में ही करीब दो हजार नए उपभोक्ता जुड़े हैं। होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स भी अब तेजी से पीएनजी कनेक्शन ले रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने साफ कहा है कि जिन इलाकों में पीएनजी उपलब्ध है, वहां तीन महीने बाद एलपीजी सप्लाई बंद कर दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द पीएनजी कनेक्शन लेकर किसी भी असुविधा से बचें।
Updated on:
17 Apr 2026 11:08 am
Published on:
17 Apr 2026 11:07 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
