इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। इंटर के 17 वर्षीय छात्र शिवा पटेल को उसके ही दोस्तों ने चाकू से गोद दिया।
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। इंटर के 17 वर्षीय छात्र शिवा पटेल को उसके ही दोस्तों ने चाकू से गोद दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए शिवा ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि इलाके में दहशत फैल गई।
इज्जतनगर की सैनिक कॉलोनी निवासी शिवा पटेल को शुक्रवार शाम उसके दोस्त मानव राजपूत ने घर से बुलाया। परिजनों के मुताबिक, वह उसे संजयनगर के चार खंभा इलाके में ले गया, जहां पहले से ही कई युवक मौजूद थे। यहीं पर बातचीत के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि गौरव, कृष्णा, पारस, रचित समेत अन्य युवकों ने शिवा को घेर लिया और पहले मारपीट की, फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहूलुहान शिवा को वहीं छोड़ आरोपी फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल शिवा को परिजन आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन किया, लेकिन हालत लगातार नाजुक बनी रही। आखिरकार शनिवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शिवा की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद सैनिक कॉलोनी और आसपास के इलाके में सन्नाटा और डर का माहौल है।
पुलिस ने मृतक के पिता केहरी सिंह की तहरीर पर पांच नामजद समेत आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि बाकी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।