25 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बकरीद से पहले अलर्ट मोड में बरेली पुलिस, सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक रहेगा कड़ा पहरा, SSP बोले- माहौल बिगाड़ा तो होगी जेल

Bareilly News: बकरीद से पहले बरेली पुलिस ने पूरे जिले में सख्ती का बिगुल फूंक दिया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस अफसरों की हाईलेवल मीटिंग लेकर साफ कर दिया कि त्योहार के नाम पर नियम तोड़ने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

2 min read
Google source verification
up news

पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करते एसएसपी अनुराग आर्य

बरेली। बकरीद से पहले बरेली पुलिस ने पूरे जिले में सख्ती का बिगुल फूंक दिया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस अफसरों की हाईलेवल मीटिंग लेकर साफ कर दिया कि त्योहार के नाम पर नियम तोड़ने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सड़क, पार्क, सार्वजनिक स्थान या संवेदनशील इलाकों में गड़बड़ी फैलाने की कोशिश हुई तो पुलिस तुरंत एक्शन मोड में दिखाई देगी। सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो और अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

बैठक में सबसे ज्यादा जोर कुर्बानी व्यवस्था पर रहा। थाना प्रभारियों को साफ निर्देश दिए गए कि सार्वजनिक जगहों पर किसी भी हालत में कुर्बानी न होने पाए। इतना ही नहीं, कुर्बानी के बाद मीट खुले में ले जाने पर भी कार्रवाई होगी। पुलिस ने कहा है कि मीट पूरी तरह ढककर और व्यवस्थित तरीके से ले जाया जाए ताकि रास्तों पर विवाद जैसी स्थिति पैदा न हो।

पुराने विवाद खंगाल रही पुलिस, संवेदनशील इलाकों में बढ़ी चौकसी

बकरीद से पहले पुलिस अब पुराने झगड़ों और सांप्रदायिक तनाव वाले मामलों की फाइलें भी खंगाल रही है। यूपी-112 पर पहले आई शिकायतों का दोबारा सत्यापन कराया जा रहा है। जिन इलाकों में पहले विवाद हुए थे, वहां अतिरिक्त पुलिस फोर्स, मोबाइल गश्त और पिकेट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारियों को लगातार क्षेत्र में घूमकर माहौल पर नजर रखने को कहा गया है। वहीं त्योहार के दौरान सोशल मीडिया को लेकर भी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। कुर्बानी के वीडियो, भड़काऊ पोस्ट या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाले कंटेंट पर तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। पुलिस साइबर टीमों को एक्टिव कर रही है ताकि फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और दूसरे प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अफवाहों को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके।

ईदगाह से पार्क तक पुलिस का पहरा

ईदगाहों और नमाज स्थलों का पहले से निरीक्षण कराया जा रहा है। साफ-सफाई, पानी और रोशनी की व्यवस्था को लेकर प्रशासन से तालमेल बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पार्क, घूमने वाली जगहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात रहेगी ताकि कोई अराजक तत्व माहौल खराब न कर सके। मीटिंग में सिर्फ बकरीद ही नहीं, थानों और चौकियों की व्यवस्था पर भी सख्ती दिखाई गई। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि हर शिकायत रजिस्टर में दर्ज होनी चाहिए और पारिवारिक विवादों में तुरंत कार्रवाई की जाए। लंबित प्रार्थनापत्रों को निपटाने और आम लोगों से शालीन व्यवहार रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

यूपी-112 को भी चेतावनी, मौके की हकीकत छिपी तो कार्रवाई

यूपी-112 की पीआरवी टीमों को भी साफ संदेश दिया गया कि मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति ही दर्ज करें। दोनों पक्षों का बयान मौके पर ही लिखवाया जाए और किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। पुलिस अधिकारियों से कहा गया है कि त्योहार के दौरान हर सूचना पर तुरंत और निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। एसएसपी अनुराग आर्य ने दो टूक कहा कि बकरीद को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में कराना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जो भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सीधे कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग