बरेली

चलती कार बनी मौत का गोला, जिंदा जली पत्नी, पति झुलसा… ऑपरेशन कराकर लौट रहे थे, रास्ते में खत्म हुई जिंदगी

उसहैत थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जहां ऑपरेशन के बाद घर लौट रहे दंपती की कार अचानक आग का गोला बन गई। इस भीषण घटना में पत्नी की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से झुलस गया।

less than 1 minute read
Apr 11, 2026

बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जहां ऑपरेशन के बाद घर लौट रहे दंपती की कार अचानक आग का गोला बन गई। इस भीषण घटना में पत्नी की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से झुलस गया।

अस्पताल से लौटते वक्त टूटा कहर

कस्बा उसहैत के वार्ड संख्या-6 निवासी 28 वर्षीय अर्पित भारद्वाज अपनी 25 वर्षीय पत्नी प्रिया भारद्वाज को शाहजहांपुर के एक अस्पताल से ऑपरेशन कराने के बाद रात करीब 2 बजे कार से घर लौट रहे थे। प्रिया की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए वह कार की पिछली सीट पर लेटी हुई थीं। जैसे ही कार गांव रौता के पास पहुंची, अचानक उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कार के दरवाजे लॉक हो गए और दोनों पति-पत्नी अंदर ही फंस गए।

लपटों के सामने बेबस रह गए लोग

आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचने और मदद करने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। कोई भी कार के पास नहीं जा सका। इसी दौरान प्रिया भारद्वाज आग की लपटों में घिर गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि अर्पित गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल अर्पित को अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Also Read
View All