
अतीक अहमद के गुर्गे लाला गद्दी ने की फायरिंग तो बदला नाम; फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज
Latest News Related To Atiq Ahmed: उत्तर प्रदेशके बरेली के बहेड़ी में छात्रा से दुष्कर्म के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल ताज दिल्ली दरबार के मालिक के भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर दुष्कर्म के मुख्य आरोपी को होटल में कमरा उपलब्ध कराने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि पुलिस को काफी समय से होटल मालिक के भाई हाजी इस्लाम की तलाश थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे उत्तराखंड के किच्छा निवासी हाजी इस्लाम को डांडिया स्थित एक प्राथमिक विद्यालय के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को स्वीकार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में उसकी भूमिका की जांच पहले से की जा रही थी और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गिरफ्तारी की गई।
यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब पुलिस और हिंदूवादी संगठनों की संयुक्त कार्रवाई के दौरान नैनीताल हाईवे स्थित होटल ताज दिल्ली दरबार के एक कमरे में बिरयानी कारोबारी मुजाहिद को एक छात्रा के साथ पकड़ा गया था। इसके बाद छात्रा ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मुजाहिद ने उसे धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुजाहिद के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
छात्रा की तहरीर के आधार पर दर्ज मुकदमे में पुलिस ने मुख्य आरोपी मुजाहिद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी को होटल में कमरा उपलब्ध कराया गया था, जिसके चलते होटल प्रबंधन से जुड़े लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई। इसी क्रम में अब होटल मालिक के भाई की गिरफ्तारी की गई है।
नैनीताल हाईवे पर स्थित यह होटल पहले "नैनीताल ढाबा" के नाम से जाना जाता था। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ वर्ष पहले माफिया अतीक अहमदके गुर्गे लला गद्दी द्वारा यहां फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था। उस घटना के बाद होटल का नाम बदलकर "होटल ताज दिल्ली दरबार" कर दिया गया था। इस पुराने विवाद के कारण भी यह होटल समय-समय पर चर्चा में रहा है।
दुष्कर्म मामले में लगातार हो रही कार्रवाई के बीच नगर के कई हिंदूवादी संगठनों ने होटल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विश्व हिंदू परिषद के नेता शानू गंगवार ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर होटल को सील किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में होटल प्रबंधन की संलिप्तता साबित होती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विषय:
Updated on:
30 May 2026 02:05 pm
Published on:
30 May 2026 02:05 pm
