चलती ट्रेन में पानी को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक महिला की जान ले ली। सहमति संबंध में रह रही 35 वर्षीय महिला को उसके प्रेमी ने कथित रूप से चलती ट्रेन से धक्का दे दिया।
बरेली। चलती ट्रेन में पानी को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक महिला की जान ले ली। सहमति संबंध में रह रही 35 वर्षीय महिला को उसके प्रेमी ने कथित रूप से चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। ट्रेन से गिरते ही महिला की दर्दनाक मौत हो गई। उसका शव दो हिस्सों में कट गया। घटना के बाद जीआरपी ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जीआरपी बरेली सिटी थाने के इंस्पेक्टर अमित शर्मा के अनुसार मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी 35 वर्षीय रुखसाना के रूप में हुई है। बताया गया कि रुखसाना को उसके पति इरफान ने कई साल पहले छोड़ दिया था। उसके दो बच्चे शादाब और समीर फिलहाल ननिहाल में रह रहे हैं। पति से अलग होने के बाद रुखसाना काफी समय से मैनपुरी के किशनी निवासी एक युवक के साथ सहमति संबंध में रह रही थी। दोनों बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को दोनों 55307 कासगंज-रामनगर पैसेंजर ट्रेन से बरेली आ रहे थे। शाम करीब 5:40 बजे ट्रेन बरेली सिटी स्टेशन पहुंचने वाली थी, तभी रास्ते में दोनों के बीच अचानक विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पीने के पानी को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में गंभीर झगड़े में बदल गई।
जीआरपी को मिली सूचना के अनुसार विवाद के दौरान रुखसाना ने गुस्से में ट्रेन से कूदने की धमकी दी। इसी दौरान उसके प्रेमी ने कथित रूप से उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। चलती ट्रेन से गिरते ही महिला सीधे पटरी पर जा गिरी। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उसका शरीर दो टुकड़ों में कट गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी इंस्पेक्टर अमित शर्मा ने बताया कि महिला के प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के बरेली पहुंचने और उनकी तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।