बरेली

आईवीआरआई के पास तेज रफ्तार कार पलटी, महिला की मौके पर मौत, तीन की हालत गंभीर

इज्जतनगर क्षेत्र में आईवीआरआई के पास शनिवार देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार से जा रही कार अनियंत्रित होकर अचानक सड़क किनारे पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।

less than 1 minute read
Nov 30, 2025

बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में आईवीआरआई के पास शनिवार देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार से जा रही कार अनियंत्रित होकर अचानक सड़क किनारे पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची इज्जतनगर पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकलवाकर तुरंत अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद कार में सवार सीतु अरोड़ा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों में बारादरी थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन निवासी पारस, उनकी पत्नी भावना खेड़ा और हनी उर्फ हर्षुल अरोड़ा शामिल हैं। सभी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

दुर्घटनास्थल पर कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। पुलिस के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जा रुकी। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज मिलने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना कैसे हुई।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। हालांकि परिवार दुर्घटना को लेकर कुछ भी कहने से बच रहा है। क्षेत्र में हुई इस दर्दनाक घटना से स्थानीय लोगों में भी अफसोस है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Also Read
View All

अगली खबर