बरेली

होली की रात बाजार में फंदे से लटका मिला टेंट कारोबारी, परिजनों ने कहा- हत्या कर टांगा गया शव

हाफिजगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक टेंट कारोबारी का शव उसकी ही मार्केट में दुकान के सामने टिनशेड के पाइप से लटका मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

2 min read
Mar 05, 2026

बरेली। हाफिजगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक टेंट कारोबारी का शव उसकी ही मार्केट में दुकान के सामने टिनशेड के पाइप से लटका मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

थाना क्षेत्र के उतरनपुर गांव निवासी 32 वर्षीय हरपाल मौर्य की पीलीभीत हाईवे किनारे मौर्य मार्केट है। यहां उनकी करीब 20 दुकानें हैं, जिनमें से कई किराये पर उठी हुई हैं। वह खुद टेंट का कारोबार करते थे। बताया जा रहा है कि दिन में उन्होंने परिजनों और परिचितों के साथ होली खेली थी। शाम को वह अपनी मार्केट पर आ गए थे। रात करीब आठ बजे वहां से गुजर रहे लोगों की नजर दुकान के सामने टिनशेड के पाइप से लटके शव पर पड़ी। देखते ही देखते आसपास के लोग जमा हो गए और खबर पूरे इलाके में फैल गई।

परिजनों में गम और गुस्सा, हत्या का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे और भाई का शव लटका देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने साफ आरोप लगाया कि हरपाल की हत्या की गई है और बाद में साजिश के तहत शव को फंदे से लटका दिया गया। मौके पर मौजूद लोगों में भी आक्रोश दिखा। पुलिस के देर से पहुंचने की बात कहकर कुछ लोगों ने सड़क जाम करने की कोशिश की, हालांकि स्थानीय गणमान्य लोगों ने समझा-बुझाकर स्थिति संभाल ली।

पकौड़ी की कढ़ाई और मीट भी मिला पास में

जिस जगह शव लटका मिला, वहीं पास में कढ़ाई में पकौड़ी और मुर्गे का मीट रखा मिला। इस बात ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास से साक्ष्य जुटाए।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच

सूचना पर सीओ नवाबगंज और हाफिजगंज थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है। परिजनों के आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Also Read
View All

अगली खबर