
बरेली। सीबीगंज स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के हॉस्टल में रविवार रात अचानक हालात बिगड़ गए। उत्पीड़न और घटिया भोजन के आरोप लगाते हुए छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक परिसर में हंगामा चलता रहा, जिससे स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, हॉस्टल में रह रहे करीब 40 छात्रों ने एकजुट होकर प्रबंधन के खिलाफ आवाज बुलंद कर दी। छात्रों का आरोप है कि उन्हें लगातार खराब गुणवत्ता का खाना दिया जा रहा है और शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती। यही नहीं, कुछ छात्रों ने उत्पीड़न के भी गंभीर आरोप लगाए।
छात्रों ने बताया कि कई बार भोजन की गुणवत्ता और अन्य समस्याओं को लेकर शिकायत की गई, लेकिन हर बार अनदेखी हुई। आरोप है कि हॉस्टल के जिम्मेदार लोग न तो छात्रों की समस्या सुनते हैं और न ही सुधार के कोई प्रयास करते हैं।
सूत्रों के अनुसार, पढ़ाई में व्यवधान न पड़े, इस कारण कुछ छात्रों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए थे। इसी मुद्दे ने आग में घी का काम किया और पहले से नाराज छात्र रात में भड़क उठे। देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चतुर्वेदी ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। काफी समझाने के बाद छात्र शांत हुए और अपने कमरों में लौट गए।
पुलिस ने छात्रों को सोमवार सुबह स्कूल प्रबंधन से वार्ता कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, स्कूल की वाइस प्रिंसिपल रितु ने उत्पीड़न और खराब भोजन के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि छात्रों को अनुशासन में रखने के लिए कुछ कदम उठाए गए थे, जिससे वे नाराज हो गए।
पुलिस ने छात्रों से कहा है कि वे अपनी समस्याएं लिखित में दें, ताकि स्कूल प्रबंधन के साथ बैठकर उनका समाधान कराया जा सके। फिलहाल मामला शांत है, लेकिन पूरे घटनाक्रम ने स्कूल व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Updated on:
27 Apr 2026 11:38 am
Published on:
27 Apr 2026 11:36 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
