रिजर्व पुलिस लाइन का परेड ग्राउंड पुलिस परिवार की एकजुटता का मंच बन गया। पुलिस कल्याण गतिविधि के तहत आयोजित बड़ा खाना कार्यक्रम में अफसरशाही की दीवारें टूटती नजर आईं।
बरेली। रिजर्व पुलिस लाइन का परेड ग्राउंड गुरुवार की शाम सिर्फ एक मैदान नहीं, बल्कि पुलिस परिवार की एकजुटता का मंच बन गया। पुलिस कल्याण गतिविधि के तहत आयोजित बड़ा खाना कार्यक्रम में अफसरशाही की दीवारें टूटती नजर आईं। बड़े अधिकारी खुद थाली लेकर जवानों के बीच पहुंचे, खाना परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन किया।
कार्यक्रम में एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी सिटी मानुष पारीक समेत तमाम बड़े अफसर मौजूद रहे। खास बात यह रही कि अधिकारियों ने मंच से भाषण देने के बजाय सीधे जवानों के बीच जाकर भोजन परोसा। यह नजारा देख पुलिसकर्मियों के चेहरों पर अलग ही उत्साह दिखा।
आयोजन की शुरुआत अनुचर व तृतीय श्रेणी कर्मचारियों (फॉलोअर्स) और आरटीसी की महिला पुलिसकर्मियों को भोजन कराकर की गई। इसके बाद जिले के अलग-अलग थानों, शाखाओं और इकाइयों से आए पुलिस अधिकारी और कर्मचारी एक साथ जमीन पर पंक्ति में बैठ गए। रैंक की दूरी मिट गई और पूरा मैदान एक परिवार की तरह नजर आया।
सामूहिक भोज के बहाने पुलिस महकमे ने साफ संदेश दिया कि विभाग में हर पद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने आयोजन की सराहना की और पुलिस परिवार में आपसी तालमेल और भाईचारे को और मजबूत करने की बात कही। रिजर्व पुलिस लाइन का यह आयोजन सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि उसने पुलिस बल के भीतर विश्वास और एकता की नई तस्वीर पेश कर दी।