सीबीगंज थाना क्षेत्र में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है,
बरेली। सीबीगंज में एक महिला को उसकी मासूम बच्ची ने अपने प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। बदनाम मोहब्बत को छुपाने और पति के खौफ से महिला ने बेटी को छत से नीचे फेंक दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पति की ओर से महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा थाना सीबीगंज में दर्ज किया गया है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब सलाखों के पीछे महिला आंसुओं से रो रही है। बदनाम मोहब्बत ने घर ही उजाड़ दिया है।
घटना 21 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे परसाखेड़ा गांव में हुई। वीरपुर कासिमपुर निवासी मुर्शीद (पुत्र नवी जान) की शादी 2019, में फतेहगंज पश्चिमी के धनतिया गांव की अनम (पुत्री कल्लू) से हुई थी। मुर्शीद परसाखेड़ा के एक औद्योगिक क्षेत्र में वेल्डर का काम करता है और अपने परिवार के साथ नाजिम (पुत्र हाजी शमशाद) के मकान की दूसरी मंजिल पर रहता है। उनके तीन बच्चे हैं—पांच साल का बेटा अरहान और ढाई साल के जुड़वां बच्चे अमनूर व अल्फराज। मुर्शीद के मुताबिक, 21 नवंबर को जब वह फैक्ट्री में काम कर रहा था, उसी समय उसकी पत्नी ने बेटी अमननूर को छत से नीचे फेंक दिया। बेटी को गंभीर चोटें आईं। जानकारी मिलने पर वह तुरंत पत्नी के साथ अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने अमननूर को मृत घोषित कर दिया। उसी दिन बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके बाद अनम अपने मायके चली गई।
दो दिन बाद पड़ोस के एक बच्चे ने मुर्शीद को बताया कि उसकी बेटी को खुद उसकी मां ने छत से फेंका था। इसके बाद मुर्शीद ने पड़ोस के घर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में अनम साफ तौर पर बेटी को छत से फेंकते हुए नजर आई। पहले परसाखेड़ा चौकी प्रभारी हेमराज ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बाद में, मुर्शीद ने सीबीगंज थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम से शिकायत की। पुलिस ने फुटेज की जांच के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अनम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मुर्शीद ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी फोन पर किसी अन्य व्यक्ति से बात करती थी, जिससे घर में विवाद था। उनकी बेटी ने उसे आपत्तिजनक हालत में देख लिया, इसी वजह से उसने बेटी की हत्या कर दी। पुलिस अब मामले की जांच के लिए बच्ची के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रही है। सीबीगंज थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।