बरेली

दिल्ली-लखनऊ के बीच बरेली बनेगा उद्योग का नया हब, इंडिया फ़ूड एक्सपो में निवेशकों के लिए सुनहरा अवसर खुला

नाथ नगरी बरेली अब केवल धर्म-पर्यटन ही नहीं, बल्कि औद्योगिक और उद्यम क्षेत्र में भी सिरमौर बनने की राह पर है। शनिवार को लखनऊ में आयोजित इंडिया फ़ूड एक्सपो-2026 में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने उद्यमियों और निवेशकों को शहर में विकसित होने वाली औद्योगिक टाउनशिप में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

2 min read
Jan 17, 2026

बरेली। नाथ नगरी बरेली अब केवल धर्म-पर्यटन ही नहीं, बल्कि औद्योगिक और उद्यम क्षेत्र में भी सिरमौर बनने की राह पर है। शनिवार को लखनऊ में आयोजित इंडिया फ़ूड एक्सपो-2026 में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने उद्यमियों और निवेशकों को शहर में विकसित होने वाली औद्योगिक टाउनशिप में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

BDA के उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने औद्योगिक टाउनशिप का विस्तृत प्रस्तुतीकरण करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक और निवेश-अनुकूल नीतियों के तहत बरेली को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। डॉ. मनिकंडन ने कहा कि बरेली की भौगोलिक स्थिति इसे औद्योगिक निवेश के लिए अत्यंत उपयुक्त बनाती है। यह शहर दिल्ली और लखनऊ के मध्य स्थित होने के साथ-साथ उत्तराखंड राज्य के निकट भी है। गंगा एक्सप्रेस-वे से मात्र 20 किलोमीटर की दूरी इसे और भी अधिक सुदृढ़ बनाती है।

आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप का निर्माण

BDA लगभग 250 हेक्टेयर भूमि पर आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप विकसित करेगा, जिसमें प्रथम चरण में 125 हेक्टेयर का क्षेत्रफल शामिल है। टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, भूमिगत विद्युत नेटवर्क, जलापूर्ति, सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम, हरित क्षेत्र, ई-चार्जिंग स्टेशन, गैस लाइन नेटवर्क, कॉमन पार्किंग एरिया, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम और फायर स्टेशन जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

फ्रीहोल्ड प्लॉट से मिलेगा सुरक्षित निवेश

प्रस्तावित औद्योगिक टाउनशिप में विकसित किए जाने वाले सभी औद्योगिक प्लॉट फ्रीहोल्ड होंगे। इससे निवेशकों और उद्यमियों को सुरक्षित, पारदर्शी और दीर्घकालिक निवेश का अवसर मिलेगा। परियोजना न केवल बरेली, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति देगी और स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक विकास में भी योगदान करेगी।

उद्यमियों के लिए डिमांड सर्वे और जानकारी

BDA ने उद्यमियों की सुविधा के लिए डिमांड सर्वे को तीन दिन के लिए खोला है। इच्छुक निवेशक और उद्यमी सर्वे फार्म BDA की वेबसाइट bdainfo.org से भर सकते हैं। योजना से संबंधित अन्य जानकारी इंडिया फ़ूड एक्सपो-2026 में BDA के स्टॉल से प्राप्त की जा सकती है। इस एक्सपो के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले निवेशकों, फूड प्रोसेसिंग उद्योग से जुड़े उद्यमियों और औद्योगिक संस्थाओं को बरेली में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया है।

Also Read
View All

अगली खबर