क्रिकेट मैदान में हंसी-खुशी के बीच अचानक मातम पसर गया। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के 30 वर्षीय अंपायर सोनल चंद्रा की क्रिकेट खेलते वक्त अचानक तबीयत बिगड़ी और देखते ही देखते उनकी सांसें थम गईं।
शाहजहांपुर। क्रिकेट मैदान में हंसी-खुशी के बीच अचानक मातम पसर गया। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के 30 वर्षीय अंपायर सोनल चंद्रा की क्रिकेट खेलते वक्त अचानक तबीयत बिगड़ी और देखते ही देखते उनकी सांसें थम गईं। बैटिंग के दौरान सीने में दर्द उठा, वह मैदान पर गिर पड़े और फिर कभी उठ नहीं सके।
शनिवार दोपहर करीब 2 बजे सोनल चंद्रा अपने दोस्तों के साथ ओसीएफ ग्राउंड पर क्रिकेट खेलने पहुंचे थे। खेल के दौरान जब वह बैटिंग कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें घबराहट और सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। कुछ ही पलों में वह पिच से हटकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे मैदान में अफरा-तफरी मच गई।
हैरान करने वाली बात यह है कि सोनल हर मैच की तरह इस बार भी ड्रोन से अपना वीडियो बनवा रहे थे। वायरल वीडियो में वह क्रिकेट किट पहनकर बैट हाथ में लिए पिच पर टहलते नजर आ रहे हैं। अगले ही वीडियो में वह सीढ़ियों पर बेसुध हालत में लेटे दिखाई देते हैं। जैसे जिंदगी और मौत के बीच जंग चल रही हो।
साथियों ने तुरंत सोनल को ग्राउंड की सीढ़ियों पर लिटाया और हालत बिगड़ने पर ओसीएफ अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
आदर्शनगर कॉलोनी निवासी सोनल चंद्रा परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी मां सुनीता चंद्रा रिटायर्ड टीचर हैं, जबकि पिता महेश चंद्रा सीमा सुरक्षा बल में तैनात थे और 30 साल पहले शहीद हो गए थे। बेटे की अचानक मौत ने मां को गहरे सदमे में डाल दिया है।
हैरानी की बात यह रही कि परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को घर ले गए। थाना रोजा प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या युवाओं में अचानक हार्ट अटैक के मामले बढ़ रहे हैं? फिट दिखने वाले युवाओं की इस तरह अचानक मौत ने स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।