बरेली

भाजपा का राष्ट्रगीत महोत्सव: 7 नवंबर को देश के 150 शहरों में एक साथ गूंजेगा वंदे मातरम्

भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है। पार्टी नेतृत्व ने 7 नवंबर को देश के 150 महानगरों में एक साथ वंदे मातरम् का गायन करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पूरे देश में राष्ट्रभक्ति और एकता का माहौल बनाने की तैयारी चल रही है।

2 min read
Nov 05, 2025
भाजपा महानगर उपाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी और महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना

बरेली। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है। पार्टी नेतृत्व ने 7 नवंबर को देश के 150 महानगरों में एक साथ वंदे मातरम् का गायन करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पूरे देश में राष्ट्रभक्ति और एकता का माहौल बनाने की तैयारी चल रही है।

बरेली में इस ऐतिहासिक आयोजन की जिम्मेदारी भाजपा महानगर उपाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी को सौंपी गई है। वह वंदे मातरम् 150 वर्ष कार्यक्रम के संयोजक होंगे। कार्यक्रम में जानी-मानी गायिका अजनि द्विवेदी अपनी सुरीली आवाज़ में राष्ट्रगीत प्रस्तुत करेंगी।

महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर इसे देशव्यापी उत्सव के रूप में मनाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह गीत साल 1875 में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने लिखा था और इसका पहला सार्वजनिक वाचन 1896 में रवीन्द्रनाथ टैगोर ने कोलकाता में किया था। स्वतंत्रता आंदोलन में इस गीत ने हर भारतीय के दिल में आज़ादी की लौ जगाई थी।

अधीर सक्सेना ने कहा वंदे मातरम् सिर्फ एक गीत नहीं, यह भारत की आत्मा की आवाज़ है। यही गीत था जिसने गुलामी की बेड़ियों में जकड़े देश को आज़ादी की राह दिखाई। आज भी यह गीत हर भारतीय के भीतर देशभक्ति, एकता और समर्पण की भावना जगाता है। कार्यक्रम संयोजक देवेन्द्र जोशी ने बताया कि 8 से 15 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में वंदे मातरम् के सामूहिक गायन, सभाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

अभियान के दौरान तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी और बाइक रैलियों के साथ-साथ विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध, कविता और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। राजधानी लखनऊ सहित सभी जिला मुख्यालयों पर वंदे मातरम् के 150 वर्ष को समर्पित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें गीत की ऐतिहासिक यात्रा और आज़ादी आंदोलन में इसकी भूमिका को दिखाया जाएगा। यह अभियान भाजपा की ओर से राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।

Also Read
View All

अगली खबर