
रोते-बिलखते परिजन
बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में मकान के छज्जे को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी इतनी बढ़ी कि पड़ोसी पक्ष ने लाठी-डंडों और हथौड़े से हमला बोल दिया। आरोप है कि हमले के दौरान युवक के सिर पर हथौड़ा मार दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।
थाना क्षेत्र के जाम गांव निवासी लक्ष्मण सिंह अपने घर पर निर्माण कार्य करा रहे थे। मंगलवार को मकान का लिंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान उन्होंने मकान के आगे छज्जा निकाला, जिस पर पड़ोसी महेंद्र और उसके परिवार ने आपत्ति जता दी। आरोप है कि छज्जे को लेकर दोनों पक्षों में पहले तीखी बहस हुई और फिर मामला देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। गाली-गलौज के बीच लाठी-डंडे निकल आए और माहौल हिंसक हो गया। आरोप है कि महेंद्र, उसके भाई और अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर लक्ष्मण सिंह को घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान महेंद्र ने हथौड़े से लक्ष्मण के सिर पर वार कर दिया। हथौड़े का वार लगते ही लक्ष्मण खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग उन्हें बचाने दौड़े, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में लक्ष्मण सिंह को जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हत्या की वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे विवाद की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
Updated on:
25 May 2026 05:43 pm
Published on:
25 May 2026 05:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
