भोजीपुरा थाना क्षेत्र में नैनीताल हाईवे किनारे जादोंपुर गांव के पास उस वक्त माहौल गरमा गया, जब स्कूटी पर जा रहे युवक और युवती को कुछ लोगों ने रोक लिया।
बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में नैनीताल हाईवे किनारे जादोंपुर गांव के पास उस वक्त माहौल गरमा गया, जब स्कूटी पर जा रहे युवक और युवती को कुछ लोगों ने रोक लिया। युवक के साथ मारपीट की गई, वहीं युवती से भी अभद्रता किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
बताया जा रहा है कि एक मुस्लिम युवती बुर्का पहनकर दूसरे समुदाय के युवक के साथ स्कूटी पर जा रही थी। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। युवक को जबरन स्कूटी से उतारकर उसका नाम पूछा गया और इसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी गई। आसपास खड़े लोग तमाशबीन बने रहे।
मारपीट के दौरान युवती ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू जागरण मंच युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष हिमांशु पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा राजीव कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो तीन-चार दिन पुराना बताया जा रहा है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी के साथ भी सड़क पर इस तरह का व्यवहार न हो।