बरेली

कमरे में फंदे से लटका मिला ड्राइवर का शव, परिजनों ने पत्नी और ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप, जानिए पूरा मामला

सुभाषनगर क्षेत्र के बंसी नगला में बुधवार रात से चल रहे विवादों ने गुरुवार सुबह एक भयावह रूप ले लिया। 32 वर्षीय राजू मौर्य का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। सुबह जब पत्नी सुनीता दूसरे कमरे में सो रही थी, तब यह हृदयविदारक दृश्य सामने आया और घर में चीख-पुकार मच गई।
less than 1 minute read
Nov 13, 2025
Feature image
मृतक राजू मौर्य

बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र के बंसी नगला में बुधवार रात से चल रहे विवादों ने गुरुवार सुबह एक भयावह रूप ले लिया। 32 वर्षीय राजू मौर्य का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। सुबह जब पत्नी सुनीता दूसरे कमरे में सो रही थी, तब यह हृदयविदारक दृश्य सामने आया और घर में चीख-पुकार मच गई।

राजू के परिवार का आरोप है कि सुनीता ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर उन्हें मारा और फिर शव को फंदे पर लटका दिया। भूपराम ने बताया कि उनका इकलौता बेटा राजू परसाखेड़ा की शीतल पेय कंपनी में ड्राइवर था। दस साल पहले उसकी शादी सीबीगंज के मथुरापुर निवासी हरिराम की बेटी सुनीता से हुई थी। शुरूआत में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन पिछले कुछ सालों से दांपत्य विवाद लगातार बढ़ रहे थे।

भूपराम ने कहा कि रविवार को एक मामूली झगड़े के बाद सुनीता ने अपने पिता और भाई को बुला लिया। तीनों ने मिलकर राजू की पिटाई की और पुलिस को शिकायत दे दी। पुलिस समझा-बुझाकर मामला शांत करा गई, लेकिन तीन-चार दिनों से तनाव बरकरार था। भूपराम का आरोप है कि बुधवार रात ससुराल वाले फिर घर आए और मिलकर राजू की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया।

थाना सुभाषनगर प्रभारी जितेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर बताया कि राजू शराब का आदी था और अक्सर नशे में पत्नी से झगड़ा करता था। इस वजह से कई बार ससुराल वाले समझाने आते थे। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं कि यह हत्या है या आत्महत्या, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मामला साफ हो जाएगा। ससुराल पक्ष को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया।