बारादरी थाना क्षेत्र में पेट्रोल भरवाने जा रहे युवक को सरेराह घेरकर चाकुओं और लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान के बेटे आफताब समेत चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। गंभीर रूप से घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सरेराह युवक पर चाकुओं से हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान के बेटे आफताब समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला जगतपुर पानी की टंकी निवासी मो. कासिम मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अपने दोस्त वारिस खान के साथ बाइक से पेट्रोल पंप जा रहा था। जैसे ही वह गरीब नवाज शादी हॉल के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे तौफीक प्रधान के बेटे आफताब ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी बाइक रोक ली और धमकाते हुए कहा कि अगर उनकी बात नहीं मानी तो जान से मार देंगे।
आरोप है कि युवकों ने मो. कासिम को बाइक से नीचे गिराकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान के बेटे आफताब ने अवैध चाकू निकालकर कासिम के बाएं हाथ पर जानलेवा वार कर दिया। चाकू लगते ही युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए घायल युवक को हमलावरों से बचाया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने तौफीक प्रधान के बेटे आफताब, एजाज नगर गौंटिया निवासी सब्बू मंसूरी, सोहिल मंसूरी और अचल सैनी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।