बरेली

मौत बनकर उफनी गंगा, तीन मासूम निगले, एक की लाश मिली, दो अब भी लापता, तलाश जारी

उसहैत थाना क्षेत्र में रविवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गंगा नदी में नहाने गए तीन मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में समा गए। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

2 min read
Apr 12, 2026

बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र में रविवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गंगा नदी में नहाने गए तीन मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में समा गए। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

थाना क्षेत्र के गांव खजूरा नगला पुख्ता के पास गंगा किनारे रहने वाले नौ वर्षीय केशव, दस वर्षीय गुड्डे और 11 वर्षीय अखिलेश रविवार को नहाने के लिए नदी में उतरे थे। बताया जा रहा है कि इन दिनों गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे नदी में कई जगह गहराई अचानक बढ़ जाती है। इसी दौरान तीनों बच्चे संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में चले गए।

ग्रामीणों ने मचाया शोर, मची अफरा-तफरी

बच्चों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे जुट गए। हर कोई बच्चों को बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन तब तक तीनों पानी में लापता हो चुके थे। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद अखिलेश का शव बरामद कर लिया गया, जबकि केशव और गुड्डे का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश जारी है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतक और लापता बच्चों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर डटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों लापता बच्चों की तलाश पूरी करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि बढ़े हुए जलस्तर के दौरान बच्चों को नदी किनारे न जाने दें।

Also Read
View All