बरेली

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से हाईस्कूल छात्र की मौत, दो साथियों की हालत नाजुक

शाही थाना क्षेत्र के सेवा ज्वालापुर गांव के पास सड़क हादसे में हाईस्कूल के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
Feb 21, 2026

बरेली। शाही थाना क्षेत्र के सेवा ज्वालापुर गांव के पास सड़क हादसे में हाईस्कूल के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।

सेवा ज्वालापुर गांव निवासी अरविंद (पुत्र खूबकरन), वीरेंद्र (पुत्र ओमपाल) और नरेश पाल (पुत्र नरोत्तम) शुक्रवार रात करीब दस बजे शाही कस्बे से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सेवा ज्वालापुर चौराहे से लगभग सौ मीटर पहले पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचते ही तोड़ दिया दम

राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत बरेली के अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया। वीरेंद्र और नरेश पाल का इलाज जारी है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अरविंद दो भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। वह दसवीं कक्षा का छात्र था। परिजनों ने बताया कि वह पढ़ाई के साथ-साथ बरात और अन्य कार्यक्रमों में वेटर का काम कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।

दो और सड़क हादसे, दो घायल

उधर, शाही क्षेत्र में ही शुक्रवार रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। नरखेड़ा गांव निवासी देवी दास धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर वाहन की तेज रोशनी से चकाचौंध होकर बाइक से पेड़ में जा टकराए। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी घटना में इसी गांव के धर्मपाल रात करीब साढ़े नौ बजे घर लौटते समय सामने से आ रही बरात की बग्घी से टकरा गए, जिससे वह घायल हो गए।

Also Read
View All

अगली खबर