15 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली में नारी शक्ति का रोड शो, स्कूटी लेकर सड़कों पर उतरीं सैकड़ों शिक्षिकाएं, सशक्तिकरण का दिया दमदार संदेश

नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत बुधवार सुबह शहर की सड़कों पर महिला सशक्तिकरण का जोश नजर आया, जब सैकड़ों महिला शिक्षिकाएं स्कूटी पर सवार होकर जागरूकता रैली में उतरीं।

2 min read
Google source verification

बरेली। नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत बुधवार सुबह शहर की सड़कों पर महिला सशक्तिकरण का जोश नजर आया, जब सैकड़ों महिला शिक्षिकाएं स्कूटी पर सवार होकर जागरूकता रैली में उतरीं। यह रैली न केवल महिला आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनी, बल्कि सड़क सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता का मजबूत संदेश भी दे गई।

सुबह करीब साढ़े नौ बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू हुई इस भव्य रैली में नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों की महिला शिक्षिकाओं को विशेष रूप से उनकी स्कूटी के साथ आमंत्रित किया गया था। शिक्षिकाएं हेलमेट पहनकर अनुशासन के साथ निकलीं, जिसने पूरे आयोजन को एक सशक्त और प्रेरणादायक स्वरूप दिया।

सड़क सुरक्षा और जागरूकता का दिया संदेश

रैली के दौरान सभी प्रतिभागियों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। शिक्षिकाओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर समाज को यह संदेश दिया कि आज की नारी न केवल सशक्त है, बल्कि जिम्मेदार और जागरूक नागरिक भी है। रैली को सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल और भाजपा नेता अधीर सक्सेना समेत अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं।

वीरांगना चौक पर उत्साह के साथ समापन

रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई कैंट स्थित वीरांगना चौक पर जाकर समाप्त हुई। समापन स्थल पर प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। यहां महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ सेल्फी और फोटो खिंचवाकर इस यादगार आयोजन को संजोया। पूरे आयोजन में एक ही संदेश गूंजता रहा—आज की नारी हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर, सक्षम और जागरूक है। स्कूटी रैली के माध्यम से महिलाओं ने समाज को यह दिखा दिया कि वे अब हर मोर्चे पर आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग