13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नकली आधार-पैन से खुलते थे बैंक खाते, करोड़ों रुपये होते थे ट्रांसफर; बैंककर्मी समेत तीन गिरफ्तार, 14 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा

शाही पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग और वित्तीय धोखाधड़ी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बैंककर्मी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवक के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसके नाम से नकली फर्म बनाकर करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन को अंजाम दिया।

2 min read
Google source verification
up news

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

बरेली। शाही पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग और वित्तीय धोखाधड़ी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बैंककर्मी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवक के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसके नाम से नकली फर्म बनाकर करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन को अंजाम दिया। जांच में पिछले दो माह के दौरान करीब 14 करोड़ रुपये के ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है।

बारादरी क्षेत्र के दुर्गा नगर निवासी विशाल गिरि की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि कुछ लोगों ने उसे 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर नौकरी देने का झांसा देकर उसके फर्जी दस्तावेज और हस्ताक्षर तैयार कर लिए। इसके बाद उसके नाम से कुमार एनर्जी नामक फर्जी फर्म बनाकर सिविल लाइंस स्थित एलवी कॉम्प्लेक्स में कार्यालय संचालित किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी जितेन्द्र कुमार मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर बिथरी चैनपुर में दबिश देकर हिमांशु पटेल और आसिफ को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से फर्जी फर्म संचालन में प्रयुक्त दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य सामग्री भी बरामद की गई।

फर्जी फर्मों के नाम पर खाते खुलवाता था जितेंद्र

पूछताछ में आरोपी जितेन्द्र ने बताया कि वह बैंक में नौकरी करता है और अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी फर्मों के नाम पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था। इन खातों के माध्यम से लोगों के खातों से धोखाधड़ी कर रकम ट्रांसफर की जाती थी। पैसा निकलवाने के बाद खाते बंद कर दिए जाते थे ताकि किसी प्रकार का सुराग न मिल सके। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने विशाल गिरि के नाम से नकली आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कर रखे थे। आरोपी एक फर्जी फर्म बंद होने के बाद दूसरी नकली फर्म तैयार करने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया।

तीनों आरोपियों से कई चीजें बरामद

गिरफ्तार आरोपियों में सैनिक कॉलोनी निवासी जितेन्द्र कुमार मिश्रा, बिथरी चैनपुर निवासी हिमांशु पटेल तथा नवाबगंज क्षेत्र के अधकटा रब्बानी बेगम गांव निवासी आसिफ शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से पांच एटीएम कार्ड, कुमार एनर्जी फर्म की मोहर, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की पासबुक व चेकबुक, एक पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शाही पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे वित्तीय नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। ऑनलाइन बेटिंग, मनी ट्रेल और बैंक खातों के जरिए हुए करोड़ों रुपये के लेनदेन की पड़ताल के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग