
हेड कांस्टेबल जमशेद ने राजनीति में आने के लिए दी नौकरी (फोटो- पत्रिका)
UP Police Viral Letter: उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बरेली से मुरादाबाद जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल मोहम्मद जमशेद ने अचानक पुलिस की नौकरी छोड़ दी है। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और इसके पीछे जो वजह बताई है उसने सबको हैरान कर दिया है। सिपाही ने अपने त्यागपत्र में देश और प्रदेश में बढ़ती सांप्रदायिकता का जिक्र करते हुए अब राजनीति में जाने का बड़ा ऐलान किया है। हेड कांस्टेबल का यह इस्तीफा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हेड कांस्टेबल मोहम्मद जमशेद ने बरेली के SSP अनुराग आर्य को अपना इस्तीफा भेजा। अपने वायरल रेजिग्नेशन लेटर में उन्होंने लिखा है कि पुलिस की वर्दी ने उन्हें हमेशा बहुत सम्मान दिया है और उन्होंने एक अच्छा पुलिसकर्मी बनते हुए कभी इस वर्दी की शान से समझौता नहीं किया। नौकरी से पूरी तरह संतुष्ट होने के बावजूद उन्होंने लिखा है कि वर्तमान समय में देश और प्रदेश के अंदर सांप्रदायिकता लगातार बढ़ती जा रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि आदमी ही एक दूसरे का दुश्मन बन गया है।
मोहम्मद जमशेद ने अपने इस्तीफे में साफ तौर पर लिखा है कि वह इस बढ़ती सांप्रदायिकता को कम करने और सच्ची देश सेवा के लिए राजनीति के मैदान में उतरना चाहते हैं। इसलिए वह यूपी पुलिस से इस्तीफा दे रहे हैं। उनका कहना है कि वह समाज में दोबारा से भाईचारा कायम करना चाहते हैं। वह धर्मनिरपेक्षता, समानता और एकता के मूल्यों को मजबूत करने के लिए ही राजनेता बनने जा रहे हैं।
हेड कांस्टेबल मोहम्मद जमशेद मूल रूप से मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र स्थित गुरेर गांव के रहने वाले हैं। वह पहले बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाने में तैनात थे और बीती 22 मार्च से उन्हें जीआरपी में संबद्ध किया गया था। अब उनके अचानक उठाए गए इस कदम की पुलिस महकमे से लेकर सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसके साथ ही उनका इस्तीफा (रेजिग्नेशन लेटर) भी जमकर वायरल हो रहा है।
Updated on:
14 Jun 2026 05:00 pm
Published on:
14 Jun 2026 04:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
