होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा-2025 में रविवार को उस वक्त बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आ गया जब एक अभ्यर्थी को दोबारा परीक्षा देने की कोशिश करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज केंद्र पर बायोमेट्रिक जांच के दौरान युवक की पहचान खुली और उसकी चालाकी धरी रह गई।
बरेली। होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा-2025 में रविवार को उस वक्त बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आ गया जब एक अभ्यर्थी को दोबारा परीक्षा देने की कोशिश करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज केंद्र पर बायोमेट्रिक जांच के दौरान युवक की पहचान खुली और उसकी चालाकी धरी रह गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच में सामने आया कि 27 वर्षीय अनुराग पुत्र राज बहादुर निवासी हरिहरपुर, थाना टड़ियावां (हरदोई) ने शनिवार को दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, पीलीभीत रोड रिठौरा में पहली पाली में धर्मेंद्र सिंह के नाम से परीक्षा दी थी। इसके बाद रविवार को वही युवक अनुराग बनकर साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में दोबारा परीक्षा देने पहुंच गया। रविवार सुबह 10 से 12 बजे की पहली पाली में जब अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन हो रहा था, तभी सिस्टम ने युवक को संदिग्ध दिखाया। गहन जांच में उसकी पहचान मैच हो गई और पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया। केंद्र प्रभारी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने दो अलग-अलग नामों से आधार कार्ड बनवा रखे हैं। हैरानी की बात यह रही कि दोनों आधार में पिता का नाम, पता और अन्य जानकारी एक ही थी, सिर्फ नाम बदलकर अलग पहचान बनाई गई थी। उसका मकसद था कि किसी भी एक नाम से परीक्षा पास कर नौकरी हासिल कर ले। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम कारगर साबित हुआ है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।