एक आईआईटी इंजीनियर सोमवार सुबह घर से रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। माता-पिता ड्यूटी पर थे, लौटने पर घर का दरवाजा खुला मिला और बेटा गायब था। काफी तलाश के बाद भी सुराग न मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है।
शाहजहांपुर। सुबह तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही घंटों में एक घर की खुशियां गायब हो गईं। तिलहर थाना क्षेत्र से आईआईटी इंजीनियर युवक के अचानक लापता होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई है और अब हर पल बेटे के लौटने की आस लगाए बैठा है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला सईयदवाड़ा निवासी राकेश कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह वह ग्राम पंचायत के काम से निकल गए थे, जबकि उनकी पत्नी जूनियर स्कूल में ड्यूटी पर गई थीं। घर पर 24 वर्षीय बेटा अभिनव कुमार अकेला था। दोपहर में जब मां लौटीं तो घर का दरवाजा खुला मिला और अंदर बेटा गायब था। यह दृश्य देखते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
परिजनों ने पहले सोचा कि शायद अभिनव आसपास ही गया होगा, लेकिन काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद रिश्तेदारों, दोस्तों और पड़ोसियों से संपर्क किया गया, मगर हर जगह से निराशा ही हाथ लगी। युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार की चिंता और बढ़ गई। बेटे के अचानक लापता होने से घर में कोहराम मच गया है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता भी सदमे में हैं। आसपास के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं, लेकिन हर किसी के चेहरे पर चिंता साफ दिखाई दे रही है।
आखिरकार परिजन तिलहर थाने पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है। मोबाइल लोकेशन खंगाली जा रही है और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि युवक की आखिरी लोकेशन का पता चल सके। अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही युवक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।