14 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CM ग्रिड एक्शन : कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप, कलम-दवात पार्क और GRM स्कूल की बाउंड्री टूटेगी

शहर के सबसे व्यस्त कोहाड़ापीर चौराहे पर लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण तोड़ने का फैसला कर लिया है। अतिक्रमण चाहे शहर के कितने ही रसूखतर लोगों का क्यों ना हो क्योंकि प्रशासन को अब ये संदेश देना है कि उनके लिए एक आम दुकानदार और रसूखदार में कोई फर्क नहीं है।

2 min read
Google source verification

बरेली। शहर के सबसे व्यस्त कोहाड़ापीर चौराहे पर लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण तोड़ने का फैसला कर लिया है। अतिक्रमण चाहे शहर के कितने ही रसूखतर लोगों का क्यों ना हो क्योंकि प्रशासन को अब ये संदेश देना है कि उनके लिए एक आम दुकानदार और रसूखदार में कोई फर्क नहीं है। सीएम ग्रिड के लिए समान कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए चाहे पेट्रोल पंप पर अतिक्रमण हटाना पड़े या जीआरएम स्कूल की बाउंड्री बाल तोड़ी जाए।

कोहाड़ापीर चौराहा लंबे समय से ट्रैफिक जाम का हॉटस्पॉट बना हुआ है। पेट्रोल पंप और बीच में बने कलम-दवात पार्क के कारण वाहनों की रफ्तार थम जाती है। इन दोनों की वजह से सबसे ज्यादा ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है, लेकिन अभी तक प्रशासन इन्हें हटाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। हालांकि अब कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी और नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने इन्हें हटाने का निर्णय ले लिया है। प्रशासन की नजर अब इन बाधाओं पर टिक गई है और जमीनी स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी गई है।

कलम-दवात शिफ्ट, पेट्रोल पंप की पैमाइश के आदेश

कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने नगर निगम को सख्त निर्देश दिए हैं कि कलम-दवात को जल्द शिफ्ट किया जाए। साथ ही पेट्रोल पंप की भूमि की पैमाइश कर उसकी वैधता जांचने के आदेश दिए गए हैं। साफ कर दिया गया है कि सड़क चौड़ीकरण में जो भी बाधा बनेगा, उसे हटाया जाएगा। नैनीताल रोड से कुदेशिया पुल तक चौड़ीकरण की जद में जीआरएम स्कूल का गेट और उसकी बाउंड्री वॉल भी आ गई है। अधिकारियों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि इन्हें भी तोड़ा जाएगा ताकि सड़क चौड़ीकरण में कोई रुकावट न रहे।

300 से ज्यादा अतिक्रमण चिन्हित, नोटिस जारी

प्रशासन की सर्वे रिपोर्ट में 300 से ज्यादा अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 150 से अधिक को नोटिस भेजे जा चुके हैं। कमिश्नर ने साफ कहा है कि कार्रवाई में किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा। कमिश्नर ने नगर आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क चौड़ीकरण की राह में आने वाली हर बाधा को जल्द हटाया जाए। किसी भी स्तर पर ढिलाई या देरी बर्दाश्त नहीं होगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी।

शहर को मिलेगा जाम से छुटकारा

सीएम ग्रिड योजना के तहत हो रही यह कार्रवाई बरेली के ट्रैफिक सिस्टम को नया रूप देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि काम पूरा होते ही कोहाड़ापीर चौराहे पर जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।