
बरेली। मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को पुराना रोडवेज बस अड्डा स्थित त्यागी रेस्टोरेंट पर अचानक छापा मारकर हड़कंप मचा दिया। टीम ने यहां से समोसे और तलने में इस्तेमाल हो रहे वनस्पति तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय अक्षय गोयल के नेतृत्व में टीम ने त्यागी रेस्टोरेंट पर कार्रवाई की। मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने समोसे और वनस्पति तेल का एक-एक नमूना लेकर सील किया और राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया। अब रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।
अधिकारियों ने साफ किया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग का फोकस है कि शहरवासियों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना। नकली अंडों की शिकायतों के बाद विभाग ने 11 और 12 अप्रैल को शहर के कई इलाकों में जांच अभियान चलाया। जगतपुर गौटिया, एजाज नगर, शहदाना, पुराना शहर, फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर और बहेड़ी में अंडा विक्रेताओं के स्टॉक की जांच की गई।
जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान पर नकली अंडों का भंडारण नहीं मिला, जिससे लोगों को राहत मिली। हालांकि, विभाग ने साफ किया है कि निगरानी और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। सहायक आयुक्त अक्षय गोयल ने चेतावनी दी कि मिलावट करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई होगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई तय है।
Published on:
14 Apr 2026 11:43 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
