बरेली

यूपी के इस जिले में चारपाई पर खून से लथपथ मिला युवक का शव, पत्नी पर हत्या की आशंका, जानिए पूरा मामला

सिरौली थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा में निवासी सुरेश पाल सिंह यादव की किसी ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। खून से लथपथ शव घर के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला। हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।

less than 1 minute read
Jan 11, 2026
मृतक

बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा में निवासी सुरेश पाल सिंह यादव की किसी ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। खून से लथपथ शव घर के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला। हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।

शनिवार रात करीब 10:30 बजे गांव वालों ने सुरेश के भाई चंद्रपाल को फोन कर बताया कि सुरेश की हालत बेहद खराब है। चंद्रपाल जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि सुरेश चारपाई पर बेसुध पड़ा था और शरीर से खून बह रहा था। पास में ही उसकी पत्नी ममता बैठी रोती हुई मिली।

पत्नी ने नहीं बताया कुछ भी

परिजनों का कहना है कि जब ममता से घटना के बारे में पूछा गया तो उसने कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही सिरौली थाना पुलिस गांव पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने रात में ही मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी। हत्या किसने और क्यों की, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है।

पत्नी पर शक, पुलिस निगरानी में रखा

घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी ममता से अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की। उसके जवाब संतोषजनक न होने पर पुलिस को शक हुआ। इसी कारण ममता को घर में ही पुलिस निगरानी में रखा गया है। बताया जा रहा है कि वह चार दिन पहले ही अपने मायके बिहार से लौटी थी। थाना अध्यक्ष विनोद कुमार का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ होगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।

Also Read
View All