
मृतक शशांक राठौर
बरेली। कोतवाली क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में शनिवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि पत्नी की प्रताड़ना, लगातार विवाद और मारपीट से परेशान होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अभिनव उर्फ अमन के रूप में हुई है। वह बरेली सिटी स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्वार्टर में अपने परिवार के साथ रहता था।
मृतक के पिता राजकुमार ने बताया कि अभिनव की शादी करीब पांच साल पहले बदायूं रोड निवासी आंचल से हुई थी। दोनों का एक बेटा भी है। परिवार के मुताबिक शादी के शुरुआती कुछ साल सब ठीक रहा, लेकिन बाद में विवाद बढ़ने लगे।
राजकुमार का आरोप है कि बहू लगातार बड़े मकान और 10 लाख रुपये की मांग करती थी। साथ ही बेटे पर अलग रहने का दबाव बनाया जा रहा था। जब अभिनव ने इन मांगों को मानने से इनकार किया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आंचल अपने मायके वालों के साथ मिलकर कई बार अभिनव की सार्वजनिक रूप से बेइज्जती कर चुकी थी। यहां तक कि जूते-चप्पलों से मारपीट भी की गई।
परिवार का कहना है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से अभिनव मानसिक रूप से टूट चुका था। वह अपमान और तनाव की वजह से काफी परेशान रहने लगा था।
घटना वाले दिन सुबह अभिनव घर में अकेला था। उसकी मां रीता रेलवे में कार्यरत हैं और ड्यूटी पर गई थीं, जबकि पिता रेलवे अस्पताल में भर्ती थे। इसी दौरान उसने कमरे के अंदर दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
25 May 2026 09:01 pm
Published on:
25 May 2026 09:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
