जिला अस्पताल में शुक्रवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रैनबसेरा में धुआं उठता देख मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई, लेकिन अस्पताल स्टाफ की तेजी ने बड़ा हादसा होने से बचा लिया। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
बरेली। जिला अस्पताल में शुक्रवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रैनबसेरा में धुआं उठता देख मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई, लेकिन अस्पताल स्टाफ की तेजी ने बड़ा हादसा होने से बचा लिया। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना जिला अस्पताल यूनिट-2 की है, जहां शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे रैनबसेरा के जीने में रखे फोम के गद्दों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते धुआं पूरे हिस्से में फैल गया। वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और हर कोई बाहर निकलने की कोशिश करने लगा।
आग की खबर फैलते ही वार्डों और आसपास मौजूद मरीजों व उनके परिजनों में दहशत फैल गई। कुछ लोग अपने सामान छोड़कर ही बाहर की ओर दौड़ पड़े। हालांकि स्थिति ज्यादा बिगड़ने से पहले ही कर्मचारियों ने मोर्चा संभाल लिया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। अस्पताल के कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए मौके पर लगे अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल किया और तेजी से आग बुझाने में जुट गए। उनकी सतर्कता और हिम्मत की वजह से आग फैलने से पहले ही काबू में आ गई। अगर कुछ मिनट की भी देरी होती तो आग रैनबसेरा के बाकी हिस्से तक फैल सकती थी।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन सिविल लाइन से दो दमकल गाड़ियां मौके के लिए रवाना हुईं। हालांकि जब तक दमकल टीम पहुंची, तब तक अस्पताल स्टाफ आग पर पूरी तरह काबू पा चुका था। इसके बाद दमकल कर्मियों ने मौके का जायजा लेकर स्थिति पूरी तरह सुरक्षित होने की पुष्टि की। सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि रैनबसेरा की सीढ़ियों में रखे फोम के गद्दों में आग लगी थी, जिसे कर्मचारियों ने तुरंत बुझा दिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।