
बरेली। शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पंडरी में शनिवार सुबह 35 वर्षीय रूप किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं परिजनों ने सीधे तौर पर मृतक की पत्नी पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के बड़े भाई सुरेंद्र के मुताबिक शुक्रवार देर रात रूप किशोर और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था। शनिवार सुबह अचानक सूचना मिली कि रूप किशोर ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें मानपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद सुरेंद्र ने अपनी भाभी पर जहरीला पदार्थ खिलाने का सीधा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश है। वहीं शीशगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू कलह से जुड़ा लग रहा है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि रूप किशोर की पहली पत्नी की कुछ साल पहले डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी। पहली पत्नी से उनके दो बच्चे—एक बेटा और एक बेटी हैं। बाद में उन्होंने शेरगढ़ क्षेत्र की एक युवती से दूसरी शादी की थी, जो अपने एक बेटे के साथ ससुराल आई थी। शादी के बाद से ही दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जो अब एक संदिग्ध मौत में बदल गया। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।
Published on:
02 May 2026 07:51 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
