2 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी के इस जिले में करंट की चपेट में आकर छात्र समेत तीन की मौत, महिला की हालत नाजुक, जानें कैसे हुआ हादसा

बिजली ने ऐसा तांडव मचाया कि तीन घरों के चिराग बुझ गए। अलीगंज के सूदनपुर गांव में हाईटेंशन लाइन टूटने से फैले करंट ने छात्र समेत दो लोगों को निगल लिया, जबकि क्योलड़िया में कपड़े सुखाते समय युवक करंट की चपेट में आकर जिंदगी हार गया। दोनों घटनाओं के बाद गांवों में मातम पसरा है।

2 min read
Google source verification

बरेली। बिजली ने ऐसा तांडव मचाया कि तीन घरों के चिराग बुझ गए। अलीगंज के सूदनपुर गांव में हाईटेंशन लाइन टूटने से फैले करंट ने छात्र समेत दो लोगों को निगल लिया, जबकि क्योलड़िया में कपड़े सुखाते समय युवक करंट की चपेट में आकर जिंदगी हार गया। दोनों घटनाओं के बाद गांवों में मातम पसरा है।

सूदनपुर गांव में सुबह करीब सात बजे ट्रांसफार्मर में खराबी आई और हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। देखते ही देखते पूरे इलाके में 11 हजार वोल्ट का करंट फैल गया। लोग समझ ही नहीं पाए कि घरों के भीतर तक मौत घुस चुकी है।

दरवाजा खोलते ही बुझ गई जिंदगी, मां भी झुलसी

कक्षा 10 का छात्र सुभाष (16) जैसे ही घर का लोहे का गेट खोलने गया, करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। बेटे को बचाने दौड़ी मां सुनीता भी बुरी तरह झुलस गईं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां जिंदगी की जंग जारी है। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला कुंवरपाल (24) भी जमीन पर पैर रखते ही करंट की चपेट में आ गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के दौरान एक ई-रिक्शा में भी आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

अधिकारियों की दौड़भाग, मुआवजे का भरोसा

सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। बिजली निगम के अफसरों ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये देने, घायल महिला का इलाज कराने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का भरोसा दिया है। जांच की बात भी कही गई है। सुभाष मजदूर के परिवार का सबसे छोटा बेटा था। वहीं कुंवरपाल दिव्यांग थे और सिलाई कर किसी तरह गुजारा करते थे। उनके माता-पिता पहले ही गुजर चुके थे। अब यह हादसा उनके परिवार पर पहाड़ बनकर टूटा है।

दूसरी वारदात: कपड़े सुखाते वक्त मौत का झटका

क्योलड़िया के अंबरपुर गांव में 22 वर्षीय रंजीत घर के आंगन में कपड़े सुखाने के लिए तार पर डाल रहा था। इसी दौरान उसे तेज करंट लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा। परिजन अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। रंजीत की शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। उसकी मौत के बाद पत्नी खुशबू और मां माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में सन्नाटा पसरा है और हर आंख नम है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।