बरेली

जिलाध्यक्ष बनते ही शुभलेश यादव का बड़ा ऐलान, बोले–‘बरेली की 9 की 9 सीटों पर लहराएगा सपा का परचम, भाजपा का सफाया तय’

समाजवादी पार्टी में संगठनात्मक बदलाव के तहत शुभलेश यादव को एक बार फिर बरेली का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पदभार संभालते ही उन्होंने पार्टी कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर अपने इरादे साफ कर दिए।

2 min read
Apr 23, 2026

बरेली। समाजवादी पार्टी में संगठनात्मक बदलाव के तहत शुभलेश यादव को एक बार फिर बरेली का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पदभार संभालते ही उन्होंने पार्टी कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर अपने इरादे साफ कर दिए। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस बार सपा बरेली की सभी नौ सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

प्रेस वार्ता में दिखा जीत का भरोसा

प्रेस वार्ता के दौरान शुभलेश यादव पूरे आत्मविश्वास में नजर आए। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय हैं और जनता के बीच लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार माहौल सपा के पक्ष में है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा हम 9 की 9 सीटों पर जीत हासिल करेंगे, यह सिर्फ दावा नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन का भरोसा है।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी

नव-नियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा और सभी को साथ लेकर चलने की रणनीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन जितना मजबूत होगा, चुनाव में जीत उतनी ही आसान होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी को मजबूत करने की अपील भी की।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

इस दौरान शुभलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों और वादों को समझ चुकी है और बदलाव के मूड में है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है, जिसका जवाब आने वाले चुनाव में मिलेगा।

अनुभव का मिलेगा फायदा

गौरतलब है कि शुभलेश यादव इससे पहले भी बरेली जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। ऐसे में संगठन और क्षेत्र की अच्छी समझ उनके पास है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके अनुभव का फायदा आगामी चुनाव में मिलेगा और संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

Also Read
View All