14 वर्षीय किशोरी के साथ गैंगरेप की वारदात सामने आई है। आरोप है कि तीन युवकों ने साजिश के तहत पहले उसे बुलवाया, फिर कनपटी पर असलहा सटाकर अगवा कर लिया और गांव के बाहर गन्ने के खेत में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
पीलीभीत। अमरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी के साथ गैंगरेप की वारदात सामने आई है। आरोप है कि तीन युवकों ने साजिश के तहत पहले उसे बुलवाया, फिर कनपटी पर असलहा सटाकर अगवा कर लिया और गांव के बाहर गन्ने के खेत में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। बदहवास हालत में किशोरी ने पास की नहर में कूदकर अपनी जान बचाई और किसी तरह घर पहुंची।
पीड़िता के पिता के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 11 बजे उनकी बेटी पड़ोस में रहने वाले चाचा के घर गई थी। तभी गांव की एक महिला ने सीमेंट मांगने का बहाना बनाकर उसे अपने मकान के दरवाजे पर बुलाया। जैसे ही किशोरी वहां पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे सलमान शाह ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल सटा दी। आरोप है कि उसने धमकी दी कि शोर मचाया तो जान से मार देंगे।
परिजनों का आरोप है कि सलमान शाह, फिरोज शाह और समीर तीनों किशोरी को जबरन बाइक पर बैठाकर गन्ने के खेत में ले गए। वहां तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद उसे गंभीर हालत में खेत में ही छोड़ दिया गया। घायल और डरी-सहमी किशोरी किसी तरह उठी और पास की नहर में कूद गई। कुछ समय बाद वह बाहर निकली और फटे कपड़ों में घर पहुंची। बेटी की हालत देखकर परिवार सन्न रह गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
किशोरी के पिता की तहरीर पर अमरिया थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अमरिया थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया पीड़िता को मेडिकल मुआयना के लिए अस्पताल भेजा गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके दो अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की दो टीम लगाई गई है।