मीरगंज तहसील क्षेत्र में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। किसान नेता घुटनों के बल चलकर तहसील पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
बरेली। मीरगंज तहसील क्षेत्र में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। किसान नेता घुटनों के बल चलकर तहसील पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर यूनियन ने उपजिलाधिकारी को नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसान नेताओं का आरोप है कि पहले दिए गए प्रार्थना पत्रों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे किसानों में गहरा असंतोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में यूनियन ने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से बंदी के दौरान भी अवैध देशी शराब की बिक्री जारी है, जिससे युवाओं पर बुरा असर पड़ रहा है। वहीं, ग्राम पंचायत बगरऊ में तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत करने वाले कार्यकर्ता पर दबाव बनाने के लिए फर्जी मुकदमा दर्ज किए जाने का मामला भी उठाया गया।
भाकियू ने ग्राम रहपुरा जागीर में अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित भूमि (गाटा संख्या 738) पर अवैध निर्माण को लेकर नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा विकास कार्यों की धीमी गति पर सवाल उठाए गए। बिजली से जुड़े मुद्दों में स्मार्ट मीटर हटाने की मांग और हल्दी दांद गांव में खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग भी प्रमुख रही। किसानों ने गेहूं क्रय केंद्रों पर बारदाने के नाम पर किसानों को वापस लौटाए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
समाधान दिवस में कई अधिकारियों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी। फतेहगंज पश्चिमी और शेरगढ़ के सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) के अनुपस्थित रहने पर एडीएम वित्त ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण तलब किया। वहीं, किसी भी थाना प्रभारी के मौजूद न रहने पर भी प्रशासन ने कड़ी आपत्ति जताई।
उपजिलाधिकारी आलोक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 37 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें राजस्व की 12, पुलिस की 10, आपूर्ति की 7, बिजली की 6, ग्राम विकास और जल निगम की एक-एक शिकायत शामिल रहीं। इस दौरान भाकियू (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष चौधरी सुधीर बालियान, जिला उपाध्यक्ष मदन लाल गंगवार, मीडिया प्रभारी विशाल पाल और जिला अध्यक्ष सोमवीर सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।