बरेली

सूदखोरों ने 5 हजार के बदले सादा कागज पर अंगूठा लगवाकर जमीन कर ली अपने नाम, सीओ ने कराई एफआईआर

सुभाषनगर क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाले गजेंद्र गोस्वामी, धर्मेंद्र और ममता लोगों को सूद पर रुपये देने का काम करते हैं और भोले-भाले लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे सादे कागजों पर अंगूठा लगवाकर जमीन हथियाने की साजिश रचते हैं।

2 min read
Jun 03, 2025
वृद्ध महिला से सूदखोरों ने की ठगी: 5 हजार के बदले जमीन के कागज पर लगवा लिया अंगूठा (फाेटो साेर्स: पत्रिका)

बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र की रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने पड़ोसियों पर धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाले गजेंद्र गोस्वामी, धर्मेंद्र और ममता लोगों को सूद पर रुपये देने का काम करते हैं और भोले-भाले लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे सादे कागजों पर अंगूठा लगवाकर जमीन हथियाने की साजिश रचते हैं।

सुभाषनगर के बेनीपुर चौधरी निवासी पुष्पा देवी पत्नी स्व हरिओम के मुताबिक उसने 28 मार्च 2025 को गजेंद्र गोस्वामी से 5000 रुपये 10 प्रतिशत ब्याज पर उधार लिए थे। रुपये देते समय गजेंद्र ने रसीद के नाम पर उससे सादे कागज पर अंगूठा लगवा लिया। एक माह बाद जब वह 5500 रुपये लौटाने पहुंची, तो गजेंद्र ने दस्तावेज दिखाकर कहा कि जमीन का सौदा हो चुका है। उसने धमकी दी कि या तो 5.50 लाख रुपये वापस करो या जमीन उसके नाम कर दो।

घर में घुसकर गाली-गलौज और बहू से मारपीट

महिला के विरोध करने पर आरोप है कि 1 मई 2025 की रात करीब 9 बजे गजेंद्र, धर्मेंद्र और ममता उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिला का बेटा राहुल जब बीच-बचाव करने आया तो उस पर भी हमला किया गया। इसी दौरान बहू को भी घसीटते हुए जमीन पर गिराया गया और साड़ी खींचकर उसके साथ अभद्रता की गई।

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी जमीन कब्जाने के उद्देश्य से फर्जी दस्तावेज तैयार कर चुके हैं, जिनमें महिला के बेटों के फर्जी हस्ताक्षर भी शामिल हैं। इस संबंध में उसने थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उल्टे पुलिस ने पीड़िता के दोनों बेटों को थाने बुलाकर बेवजह प्रताड़ित किया। महिला का बड़ा बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गया है और छोटे बेटे राहुल को पकड़कर थाने में बैठा लिया।

सीओ के आदेश पर एफआईआर

पीड़िता ने जिलाधिकारी और एसएसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने पुत्र की रिहाई की मांग की है। महिला का कहना है कि दबंग सूदखोर अब उसकी जमीन हड़पने की फिराक में हैं और पुलिस भी उनकी मदद कर रही है। पीड़ित ने मामले की शिकायत सीओ सेकेंड से की, सीओ के आदेश पर सुभाषनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

Also Read
View All

अगली खबर