बरेली

नगर निगम बवाल: एबीवीपी कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों में भिड़ंत, मारपीट के बाद सफाई कर्मियों ने दी हड़ताल की धमकी

शुक्रवार दोपहर नगर निगम दफ्तर में बवाल हो गया, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर पहुंच थे। कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त का घेराव किया और नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी तो मामला हाथापाई तक जा पहुंचा।

2 min read
Nov 07, 2025

बरेली। शुक्रवार दोपहर नगर निगम दफ्तर में बवाल हो गया, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर पहुंच थे। कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त का घेराव किया और नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी तो मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। मामला डीएम अविनाश सिंह तक पहुंच गया, उन्होंने जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

एबीवीपी के कार्यकर्ता बरेली कॉलेज के हॉस्टल और सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें लेकर निगम पहुंचे थे। जब नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य दफ्तर से बाहर निकले, तो कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की। माहौल गर्माता देख सुरक्षाकर्मी बीच में आए। नगर आयुक्त वहां से पैदल ही अपने आवास की ओर निकल गए।

विवाद बढ़ने पर निगम कर्मचारियों ने गेट बंद कर दिया और बाहर दो बुलडोजर खड़े कर दिए। कार्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि करीब 50-60 युवक एबीवीपी के साथ पहुंचे थे, जिन्होंने न सिर्फ दफ्तर में घुसकर हंगामा किया, बल्कि नगर आयुक्त के साथ अभद्रता और कर्मचारियों से मारपीट भी की।

वहीं एबीवीपी नेताओं का कहना है कि उन्हें अपनी मांगें रखने पर कर्मचारियों ने धक्कामुक्की की और मारपीट की। विभाग संगठन मंत्री अवनी यादव ने कहा कि वे हॉस्टल और सफाई संबंधी समस्याओं पर बात करने गए थे, लेकिन कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार किया। सह संयोजक श्रेयांश बाजपेई ने आरोप लगाया कि निगम कर्मचारियों ने छात्रों को घेरकर पीटा, जिससे कई को चोटें आईं।

इधर, घटना के बाद नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी भड़क गए। कर्मचारी नेता राजकुमार समदर्शी ने कहा निगम में आए लोग छात्र नहीं, गुंडे थे। उन्होंने नगर आयुक्त के साथ बदसलूकी की, गेट पर धक्कामुक्की की और गाली-गलौज की। घटना से आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं हुई, तो शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। उधर, एबीवीपी के कार्यकर्ता भी नगर निगम परिसर में धरने पर डटे हुए हैं। फिलहाल दोनों पक्ष आमने-सामने हैं और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। अधिकारी शांति बहाल कराने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन दिनभर निगम परिसर में हंगामे और नारेबाजी का दौर जारी रहा।

एबीवीपी विभागीय संगठन मंत्री अभनी यादव ने आरोप लगाया है कि निगम कर्मचारियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, उन्होंने डीएम अविनाश सिंह से मामले की शिकायत की है। डीएम ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

Also Read
View All

अगली खबर