बरेली

फेसबुक मोहब्बत की दीवानगी, प्रेमिका के इशारे पर फौजी ने पत्नी का गला घोंटा, अब ‘वो’ भी सलाखों के पीछे

सुभाषनगर में हुए गीता यादव हत्याकांड ने रिश्तों की सच्चाई को बेनकाब कर दिया। ‘पति, पत्नी और वो’ के इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए प्रेमिका को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

2 min read
May 02, 2026

बरेली। सुभाषनगर में हुए गीता यादव हत्याकांड ने रिश्तों की सच्चाई को बेनकाब कर दिया। ‘पति, पत्नी और वो’ के इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए प्रेमिका को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी पति पहले ही सलाखों के पीछे है। प्यार, धोखा और साजिश की यह कहानी सोशल मीडिया से शुरू होकर हत्या तक पहुंची।

करीब पांच साल पहले फौजी भारत सिंह यादव की फेसबुक पर बदायूं के परवेज नगर निवासी सुरभि यादव से दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ी, रिश्ता गहराया और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। धीरे-धीरे यह रिश्ता इतना हावी हो गया कि भारत सिंह अपने परिवार से दूरी बनाने लगा।

पत्नी बनी ‘रास्ते की दीवार’, बढ़ने लगा घर में तनाव

जांच में सामने आया कि भारत सिंह अपनी प्रेमिका को हर महीने करीब 15 हजार रुपये देने लगा था। पत्नी गीता यादव को जब इस अवैध रिश्ते की भनक लगी तो घर में रोजाना झगड़े होने लगे। तनाव इस कदर बढ़ा कि रिश्तों की डोर टूटने लगी।

प्रेमिका का दबाव और खौफनाक साजिश

पुलिस के मुताबिक, सुरभि यादव ने भारत सिंह पर गीता को रास्ते से हटाने का दबाव बनाया। 18 अप्रैल को दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। इसके बाद 21 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे बीडीए कॉलोनी स्थित घर में भारत सिंह ने अपनी पत्नी गीता का गला घोंटकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद फरार, फोन कॉल से खुला राज

वारदात के बाद भारत सिंह मौके से फरार हो गया और सुरभि को फोन पर पूरी जानकारी दी। पुलिस जांच में जब कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्य सामने आए तो सुरभि का नाम भी उजागर हो गया। मुख्य आरोपी भारत सिंह पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। अब पुलिस ने प्रेमिका सुरभि यादव को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे भी जेल भेज दिया गया। इस खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

रिश्तों की आड़ में रची गई साजिश ने ली जान

यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि अवैध संबंध और लालच किस तरह इंसान को हैवान बना देते हैं। फेसबुक पर शुरू हुआ रिश्ता आखिरकार एक मासूम जिंदगी का अंत बन गया।

Also Read
View All