फिरौती अपहरण कांड में फरार आरोपी को पकड़ने पहुंची कोतवाली पुलिस पर परिजनों ने हमला कर दिया। हाथापाई के बीच आरोपी पड़ोसी की छत फांदकर भाग निकला। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया है।
शाहजहांपुर। लखनऊ के बहुचर्चित फिरौती के लिए अपहरण मामले में वांछित आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम को शुक्रवार को कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। चौक कोतवाली क्षेत्र की बृज बिहार कॉलोनी में दबिश देने पहुंची पुलिस के साथ आरोपी के परिजनों ने धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी पड़ोसी की छत से कूदकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार बृज बिहार कॉलोनी निवासी प्रियांशु कनौजिया लखनऊ में धारा 364 के तहत दर्ज फिरौती के लिए अपहरण के मामले में वांछित चल रहा है। उसके खिलाफ लखनऊ न्यायालय से वारंट जारी हुआ था। इसी के आधार पर शुक्रवार दोपहर चौक कोतवाली की बेरी चौकी से दारोगा समेत पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी।
जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, उसके स्वजनों ने विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान प्रियांशु पड़ोसी की छत पर चढ़ गया और पीछे बने खाली प्लॉट में कूदकर फरार हो गया। पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े, लेकिन रास्ते में परिजनों ने उन्हें पकड़कर रोक लिया। बताया जा रहा है कि एक दारोगा से अभद्रता की गई और हाथापाई तक की नौबत आ गई। कुछ देर बाद अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया गया।
सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपी की तलाश में शहर के कई स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन देर रात तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लखनऊ न्यायालय से वारंट जारी है। सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।