जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। हरहरपुर मटकली गांव में शहतूत तोड़ने के आरोप में तीन बच्चों को दुकान के अंदर बंद कर बेल्ट और बिजली के केबल से बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है।
बरेली। जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। हरहरपुर मटकली गांव में शहतूत तोड़ने के आरोप में तीन बच्चों को दुकान के अंदर बंद कर बेल्ट और बिजली के केबल से बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
गांव के साहिल, अयान और जानेआलम नाम के तीन बच्चे आरोपी के यहां शहतूत तोड़ने गए थे। आरोप है कि इसी बात पर आरोपी भड़क गया और तीनों बच्चों को पकड़कर दुकान के अंदर बंद कर लिया। इसके बाद बेल्ट और बिजली के तार से उनकी जमकर पिटाई की गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें छुड़ाया। घटना के बाद जब घायल बच्चों के परिजन शिकायत करने पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें भी धमकाया। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला शांत कराया। घायल बच्चों को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए नवाबगंज भेजा गया है।
मामला यहीं नहीं रुका। दूसरे पक्ष से रामभरोसेलाल की पत्नी ने भी पुलिस में तहरीर देकर बच्चों पर चोरी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चों को डांटने पर 15-20 लोग उनके घर में घुस आए और जान से मारने की धमकी दी। इस आरोप के बाद मामला और पेचीदा हो गया है। थाना प्रभारी प्रवीन सोलंकी ने बताया कि बच्चों का मेडिकल कराया जा रहा है और आरोपी को एसडीएम कोर्ट में पेश कर दिया गया है। दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।