किला थाना क्षेत्र में दरोगा के रिटायर पिता की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया। शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे पड़ोसी ने धक्का मारकर बुजुर्ग को गिरा दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई।
बरेली। किला थाना क्षेत्र में दरोगा के रिटायर पिता की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया। शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे पड़ोसी ने धक्का मारकर बुजुर्ग को गिरा दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई।
फूलबाग के रहने वाले राजेश कुमार गाजियाबाद के बापूधाम थाने में दरोगा हैं। उनके पिता नत्थूलाल रिटायर शिक्षक थे। शुक्रवार रात पास में रहने वाला मनोज शराब पीकर मोहल्ले में गाली-गलौज कर रहा था। नत्थूलाल ने टोका तो मनोज भड़क गया और उन्हें जोर से धक्का दे दिया। गिरने से नत्थूलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
राजेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मनोज, उसके पिता किशनलाल और पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। रविवार को किला पुलिस ने मनोज को गिरफ्तार कर लिया। थानेदार सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि पूछताछ में मनोज ने धक्का देने की बात कबूल की है। पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया।