11 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गैस बुकिंग सिस्टम ठप, इंडियन ऑयल का पोर्टल बंद, हजारों उपभोक्ता दिनभर भटके, जाने कैसे होगी बुकिंग

शहर में गैस सिलेंडर बुकिंग को लेकर मंगलवार को अफरा-तफरी का माहौल रहा। इंडियन ऑयल का ऑनलाइन पोर्टल अचानक बंद हो जाने से हजारों उपभोक्ता गैस बुकिंग नहीं कर सके और दिनभर एजेंसियों के चक्कर लगाते रहे।

2 min read
Google source verification

बरेली। शहर में गैस सिलेंडर बुकिंग को लेकर मंगलवार को अफरा-तफरी का माहौल रहा। इंडियन ऑयल का ऑनलाइन पोर्टल अचानक बंद हो जाने से हजारों उपभोक्ता गैस बुकिंग नहीं कर सके और दिनभर एजेंसियों के चक्कर लगाते रहे। कई लोगों ने फोन और ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग की कोशिश की, लेकिन देर रात तक पोर्टल नहीं खुलने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती रही। मामले की जानकारी मिलने पर डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

गैस की अफवाहों पर प्रशासन का सख्त एक्शन

इधर प्रदेश में तेल-गैस की किल्लत की अफवाहों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। जिला प्रशासन, पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने कई गैस एजेंसियों के शोरूम और गोदामों पर छापेमारी कर स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच की। अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों को चेतावनी दी कि गैस की कालाबाजारी या अवैध भंडारण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ब्लैक मार्केट में 1600 रुपये तक पहुंचा सिलेंडर

जांच के दौरान अधिकारियों को यह भी शिकायतें मिलीं कि कुछ जगहों पर घरेलू गैस सिलेंडर ब्लैक मार्केट में 1600 रुपये तक बेचे जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ गई और लोग एजेंसियों को लगातार फोन कर गैस बुकिंग की जानकारी लेते रहे। प्रशासन ने साफ कहा है कि यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति ब्लैक मार्केटिंग में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी।

हेल्पलाइन जारी… शिकायत पर तुरंत कार्रवाई

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए हेल्पलाइन जारी की है। उपभोक्ता गैस की कृत्रिम कमी, कालाबाजारी या बुकिंग से जुड़ी समस्या की शिकायत सीधे प्रशासन से कर सकते हैं। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और अफवाहों से बचने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि गैस एजेंसियों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

एजेंसियों को सख्त एडवाइजरी

डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में तेल कंपनियों के अधिकारी, गैस एजेंसी संचालक और आपूर्ति विभाग के अफसर मौजूद रहे। बैठक में सभी एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि वे स्टॉक का सही रिकॉर्ड रखें और उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराएं। यदि कहीं भी जमाखोरी, कृत्रिम कमी या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो संबंधित एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई होगी।

ऐसे कर सकते हैं गैस बुकिंग

फोन कॉल से बुकिंग
भारत गैस – 7715012345 / 7718012345
इंडेन गैस – 7718955555
एचपी गैस – 8888823456
मिस्ड कॉल से बुकिंग
भारत गैस – 7710955555
इंडेन गैस – 8454955555
एचपी गैस – 9493602222
व्हाट्सएप से बुकिंग
भारत गैस – 1800224344
इंडेन गैस – 7588888824
एचपी गैस – 9222201122
मोबाइल ऐप / ऑनलाइन
भारतगैस हेलो बीपीसीएल
इंडियन ऑयल वन
एचपी पे
पेटीएम, अमेजॉन, गूगल पे, फोनपे और संबंधित कंपनियों की वेबसाइट

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग