इज्जतनगर थाना क्षेत्र में 15 दिनों से लापता व्यक्ति का शव मंगलवार को 100 फुटा रोड स्थित आम की बगिया के पास नाले में तैरता मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रेमनगर के चंदपुर निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर 100 फुटा रोड स्थित आम की बगिया के पास नाले में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सूचना पुलिस को दी गई।
नाले से निकाले गए शव की पहचान प्रेमनगर के चंदपुर निवासी 50 वर्षीय सुरेश कुमार के रूप में हुई। सूचना मिलते ही इज्जतनगर थाना पुलिस, पीआरवी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शव के पास से सुरेश कुमार की साइकिल भी नाले में मिली है। साइकिल की बरामदगी के बाद मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि यह सिर्फ हादसा नहीं हो सकता। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
परिजनों के मुताबिक सुरेश कुमार 30 दिसंबर को घर से 100 फुटा रोड पर मछली खरीदने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आए। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, जान-पहचान वालों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। करीब 15 दिन से परिजन परेशान होकर इधर-उधर भटक रहे थे। मंगलवार को जब नाले में शव मिलने की खबर मिली तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद मृतक की बेटी और अन्य परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि सुरेश कुमार के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। मृतक की बेटी का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते सक्रिय होती और तलाश तेज की जाती, तो शायद उनके पिता की जान बच सकती थी।
शव मिलने की सूचना पर इलाके में भारी भीड़ जुट गई, जिसे काबू में करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल लगाना पड़ा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल सुरेश कुमार की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।