सिटी स्टेशन परिसर में लंबे समय से बंद पड़े रेलवे क्वार्टर से बुधवार दोपहर एक युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
बरेली। शहर के बरेली सिटी स्टेशन परिसर में लंबे समय से बंद पड़े रेलवे क्वार्टर से बुधवार दोपहर एक युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
बरेली सिटी स्टेशन के क्वार्टर नंबर टी-16 में काफी समय से ताला पड़ा था। बुधवार दोपहर सेक्शन इंजीनियर संजीव कुमार भारती ने अंदर से दुर्गंध आने पर मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्वार्टर खुलवाकर अंदर देखा तो एक युवक का शव पड़ा मिला।
इंस्पेक्टर जीआरपी बरेली सिटी अमित शर्मा ने बताया कि घटना स्थल सिविल क्षेत्र में आता है, इसलिए मामला सिविल पुलिस को सौंप दिया गया। इसके बाद कोतवाली के अपराध निरीक्षक आदेश कुमार, बिहारीपुर चौकी प्रभारी शिवम और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। युवक के चेहरे और होंठ पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। हालांकि मौके से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला।
इंस्पेक्टर कोतवाली धनंजय पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक नशे का आदी लग रहा है। आशंका है कि उसकी मौत मंगलवार रात के दौरान हुई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से मृतक की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।