8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दोहरे हत्याकांड में बड़ा मोड़: 50-50 हजार के इनामी दो आरोपी कोर्ट में सरेंडर, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

जिले के चर्चित दोहरे हत्याकांड में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। फरार चल रहे दो आरोपियों ने नाटकीय ढंग से न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।

2 min read
Google source verification

बदायूं। जिले के चर्चित दोहरे हत्याकांड में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। फरार चल रहे दो आरोपियों ने नाटकीय ढंग से न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

आत्मसमर्पण करने वाले आरोपी केशव और चंद्रशेखर हैं, जो मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के सगे भाई हैं। दोनों घटना के बाद से फरार चल रहे थे। बुधवार को जेएम प्रथम सौम्या अरुण की कोर्ट में वकील के माध्यम से आवेदन देने के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों ने सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।

12 मार्च को प्लांट में हुई थी दो अफसरों की हत्या

मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को दिनदहाड़े दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह ने पहले ही थाने में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी धर्मेंद्र यादव और मुनेंद्र सिंह को साजिश के आरोप में जेल भेजा गया था। पुलिस जांच के दौरान मुख्य आरोपी अजय के भाई केशव सिंह और तहेरे भाई अभय प्रताप सिंह की भूमिका भी सामने आई। दोनों पर हत्या की साजिश रचने की धाराएं लगाई गई हैं। साथ ही चंद्रशेखर को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद सभी आरोपियों को कंपनी की नौकरी से हटा दिया गया था।

दो आरोपियों पर घोषित था इनाम

दोहरे हत्याकांड में फरार चल रहे केशव और अभय प्रताप सिंह पर डीआईजी अजय कुमार साहनी ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इनामी घोषित होने के अगले ही दिन केशव ने अपने भाई चंद्रशेखर के साथ कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि कोर्ट में आत्मसमर्पण करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इसके लिए अदालत ने बृहस्पतिवार की तारीख तय की है। वहीं फरार आरोपी अभय प्रताप सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।