
बरेली। शहर के औद्योगिक नक्शे को बदलने वाली बड़ी योजना को हरी झंडी मिल गई है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने दिल्ली हाईवे से सटे इलाके में नई औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है, जिससे निवेश और रोजगार के नए दरवाजे खुलेंगे।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मणिकंडन ने बताया कि योजना के तहत तहसील बरेली के ग्राम रसूला चौधरी और तहसील मीरगंज के भिटौरा नौगंवा उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली और रहपुरा जागीर की कुल 126.3043 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। इस जमीन का क्रय भू-स्वामियों से आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा।
इस परियोजना को जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली क्रय निर्धारण समिति से पहले ही अनुमोदन मिल चुका है। इसके बाद 16 मार्च 2026 को हुई बीडीए बोर्ड बैठक में भी योजना को स्वीकृति दी गई। वहीं, 8 अप्रैल 2026 को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने पर अहम निर्णय लिया गया। परियोजना को तेजी से जमीन पर उतारने के लिए सरकार की ओर से बड़ा वित्तीय सपोर्ट दिया जाएगा। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए प्रोत्साहन योजना के तहत कुल भूमि क्रय लागत का 50 प्रतिशत सीड कैपिटल के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे विकास कार्यों को तेजी मिलेगी।
यह इंडस्ट्रियल टाउनशिप बरेली को औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी। इससे न सिर्फ बड़े निवेश आकर्षित होंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर हजारों रोजगार के अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है। बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मणिकंडन ने बताया कि यह परियोजना बरेली के आर्थिक विकास को नई दिशा देगी। सरकार की नीति के अनुरूप तेजी से कार्य करते हुए इसे समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा, ताकि निवेशकों और युवाओं को इसका सीधा लाभ मिल सके।
Updated on:
08 Apr 2026 10:09 pm
Published on:
08 Apr 2026 10:08 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
