8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तेज रफ्तार पिकअप ने बुजुर्ग को रौंदा, ट्रक से टकराकर पलटी, मौत के बाद सीमा विवाद में उलझी पुलिस

परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के पास झुमका तिराहे पर बुधवार सुबह ड्यूटी से लौट रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार पिकअप ने कुचल दिया।

2 min read
Google source verification

बरेली। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के पास झुमका तिराहे पर बुधवार सुबह ड्यूटी से लौट रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार पिकअप ने कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि पिकअप भी अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद पुलिस कार्रवाई से ज्यादा सीमा विवाद में उलझी नजर आई।

फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव धनतिया निवासी 70 वर्षीय चंद्रपाल गंगवार परसाखेड़ा स्थित एक कार शोरूम के गोदाम में ड्यूटी करते थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे वह साइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह झुमका तिराहा पार कर रहे थे, बिलवा की ओर से तेज गति से आ रही मुर्गियों से भरी पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद ट्रक से भिड़ी पिकअप

बुजुर्ग को कुचलने के बाद पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर के बाद पिकअप सड़क पर ही पलट गई। हादसे में चंद्रपाल गंगवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिकअप में भरी बड़ी संख्या में मुर्गियां भी मर गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को कब्जे में ले लिया। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

सीमा विवाद में उलझी कार्रवाई

हादसे के बाद परसाखेड़ा चौकी पुलिस और फतेहगंज पश्चिमी पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर विवाद सामने आया। दोनों थाने घटना स्थल को अपने-अपने क्षेत्र से बाहर बताते रहे, जिसके चलते पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी रही। मृतक चंद्रपाल गंगवार के परिवार में पत्नी सावित्री देवी, पुत्र हरेंद्र गंगवार और पुत्री सोनिया हैं। बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि बेटी अविवाहित है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।