शहर को जाम से राहत दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे चौपुला फ्लाइओवर की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। फ्लाइओवर पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई थी।
बरेली। शहर को जाम से राहत दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे चौपुला फ्लाइओवर की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। फ्लाइओवर पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई थी।
अब चौपुला फ्लाइओवर की मरम्मत के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) बदायूं के अधीन शासन ने 1.42 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है। बजट मिलते ही एनएचएआइ अधिकारियों ने मरम्मत कार्य की तैयारी शुरू कर दी है।
करीब डेढ़ दशक पहले बदायूं रोड से शहर में सुचारू यातायात के लिए चौपुला फ्लाइओवर का निर्माण कराया गया था। पिछले साल इसे नवनिर्मित अटल सेतु से भी जोड़ा गया। फ्लाइओवर पर बने 30 एक्सपेंशन ज्वाइंट में चार से पांच इंच तक का गैप बढ़ चुका है, जिससे गुजरते समय वाहनों को जोरदार झटका लगता है और उनके शॉकर खराब होने लगे हैं। क्षतिग्रस्त सड़कों की तरह फ्लाइओवर पर भी वाहन चालकों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते थे, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता था। एनएचएआइ की टीम ने कई बार निरीक्षण किया, लेकिन बजट के अभाव में मरम्मत नहीं हो सकी थी।
एनएचएआइ अधिकारियों के मुताबिक शासन से बजट मिलने के बाद मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ठेका आवंटित होते ही रूट डायवर्जन लागू कर काम शुरू कराया जाएगा। वहीं मरम्मत कार्य के चलते बदायूं की ओर से आने वाले वाहनों का आवागमन चौपुला फ्लाइओवर पर बंद रहेगा। ऐसे वाहन लाल फाटक होकर शहर में प्रवेश करेंगे। इससे सुभाषनगर और करगैना क्षेत्र के लोगों को रेलवे पुलिया के रास्ते आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
दूसरे विकल्प के तौर पर वाहन चालक रामगंगा होते हुए लाल फाटक पुल से शहर में आ सकेंगे, लेकिन इसके लिए उन्हें करीब दस किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। एनएचएआइ बदायूं के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि टेंडर जारी कर दिया गया है। ठेका आवंटित होने के बाद जिला प्रशासन से समन्वय बनाकर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा और मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा। कार्य पूरा होते ही चौपुला फ्लाइओवर से गुजरने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।