होली नजदीक आते ही ट्रेनों में मची मारामारी के बीच रेलवे ने बड़ा दांव खेला है। भीड़ से जूझ रहे यात्रियों को राहत देने के लिए दो और होली स्पेशल ट्रेनों का ऐलान कर दिया गया है। इतना ही नहीं, अलग-अलग ट्रेनों में खाली बर्थ की पूरी सूची भी जारी कर दी गई है, ताकि लोग वेटिंग के डर से बाहर निकलकर तुरंत टिकट कंफर्म करा सकें।
बरेली। होली नजदीक आते ही ट्रेनों में मची मारामारी के बीच रेलवे ने बड़ा दांव खेला है। भीड़ से जूझ रहे यात्रियों को राहत देने के लिए दो और होली स्पेशल ट्रेनों का ऐलान कर दिया गया है। इतना ही नहीं, अलग-अलग ट्रेनों में खाली बर्थ की पूरी सूची भी जारी कर दी गई है, ताकि लोग वेटिंग के डर से बाहर निकलकर तुरंत टिकट कंफर्म करा सकें।
04025/04026 गोरखपुर–आनंद विहार टर्मिनल होली स्पेशल 27 फरवरी से गोरखपुर और 28 फरवरी से आनंद विहार से चलेगी। 04025 गोरखपुर से दोपहर 2 बजे चलकर रात 12:57 बजे बरेली पहुंचेगी और सुबह 6 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में 04026 आनंद विहार से रात 9:05 बजे रवाना होकर 1:18 बजे बरेली होते हुए दोपहर 12 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके अलावा 04664/04663 अमृतसर–पटना स्पेशल भी 27 फरवरी, 2 और 5 मार्च (अमृतसर से) तथा 28 फरवरी, 3 और 6 मार्च (पटना से) चलाई जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे की लिस्ट चौंकाने वाली है। जिन ट्रेनों में वेटिंग की मार पड़ रही है, उन्हीं रूट की स्पेशल गाड़ियों में सैकड़ों बर्थ खाली पड़ी हैं। 05045 लालकुआं–राजकोट स्पेशल में 1 मार्च को एसी थर्ड और स्लीपर में 370-370 बर्थ खाली। 15 मार्च को स्लीपर में 464 बर्थ उपलब्ध। 05301 मऊ–अंबाला कैंट स्पेशल में 5 मार्च को एसी क्लास में अच्छी खासी सीटें खाली हैं और 19 मार्च को स्लीपर समेत सभी श्रेणियों में बर्थ उपलब्ध है। 05005 बढ़नी–अमृतसर स्पेशल में 4 मार्च को 566 स्लीपर बर्थ, 18 मार्च को 578 बर्थ खाली है। 05023 गोमती नगर–खातीपुरा स्पेशल में 3 मार्च को स्लीपर में 579 बर्थ उपलब्ध है। 05060 लालकुआ–कोलकाता स्पेशल में 5 मार्च को एसी और स्लीपर क्लास में भरपूर सीटें हैं। 04021 गोरखपुर–नई दिल्ली स्पेशल में 28 फरवरी को एसी क्लास में ढेरों सीटें खाली हैं। 04513 गोरखपुर–चंडीगढ़ स्पेशल में 27 फरवरी को एसी सेक्शन में पर्याप्त बर्थ उपलब्ध हैं।
देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस का संचालन भी दोबारा शुरू हो गया है। 15020 टनकपुर से हफ्ते में तीन दिन और 15019 देहरादून से तीन दिन चलेगी। यह ट्रेन भोजीपुरा, बरेली सिटी और बरेली जंक्शन से होकर गुजरेगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधी राहत मिलेगी। रायबाला–देहरादून सिंगल लाइन पर ब्लॉक के चलते 11 मार्च से 14 अगस्त तक 15119 बनारस–देहरादून एक्सप्रेस 20 मिनट रीशेड्यूल होकर चलेगी। सप्ताह में तीन दिन इसका समय बदलेगा।
होली करीब है और भीड़ हर दिन बढ़ रही है। रेलवे ने गेंद यात्रियों के पाले में डाल दी है, ट्रेनें और खाली सीटें दोनों सामने हैं। अब देर करने का मतलब सिर्फ लंबी वेटिंग लिस्ट है। जो घर रंग खेलने समय पर पहुंचना चाहते हैं, उनके लिए अभी सबसे सही समय है टिकट कंफर्म कराने का।